शिक्षामित्रों के लिए खुशखबरी : 5 मई को मुख्यमंत्री योगी देंगे बड़ी सौगात, 1.43 लाख शिक्षामित्र होंगे लाभान्वित

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ, अमृत विचार। प्रदेश में शिक्षामित्रों के मानदेय में वृद्धि के बाद अब उनके सम्मान और सशक्तीकरण को लेकर सरकार ने व्यापक तैयारी की है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 5 मई को गोरखपुर में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम के माध्यम से 1.43 लाख शिक्षामित्रों को बढ़े हुए मानदेय का औपचारिक लाभ देंगे।

यह कार्यक्रम बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में आयोजित होगा, जहां मुख्यमंत्री शिक्षामित्रों से संवाद भी करेंगे। सरकार के इस निर्णय के तहत परिषदीय प्राथमिक विद्यालयों में कार्यरत लगभग 1.43 लाख शिक्षामित्रों को ₹18,000 प्रतिमाह मानदेय दिया जा रहा है। यह व्यवस्था 1 अप्रैल 2026 से लागू हो चुकी है, जिसके अंतर्गत बेसिक शिक्षा के 13,597 और समग्र शिक्षा के 1,29,332 शिक्षामित्रों को इसका लाभ मिल रहा है।

अप्रैल माह से ही बढ़े हुए मानदेय का भुगतान शुरू कर दिया गया है। कार्यक्रम को प्रदेशव्यापी स्वरूप देने के लिए सभी जिलों में समानांतर आयोजन किए जाएंगे। सुबह 11 बजे से शुरू होने वाले इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दूरदर्शन और मुख्यमंत्री के आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर किया जाएगा।

संबंधित समाचार