Bareilly: ई-संजीवनी में उड़ान को सराहा, अव्यवस्थाओं को लेकर कसा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की। गौरवशाली उपलब्धि साझा की गई कि ई-संजीवनी पोर्टल के माध्यम से चिकित्सीय परामर्श देने में बरेली पूरे उत्तर प्रदेश में 5वें स्थान पर पहुंच गया है,साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं में अन्य कमियों पर कड़ा रुख भी अपनाया। उन्होंने विशेष रूप से टीकाकरण में पिछड़ रहे क्षेत्रों और जननी सुरक्षा योजना की धीमी फीडिंग पर नाराजगी जताते हुए सुधार के निर्देश दिए।

डीएम ने कहा कि सरकार गर्भवती महिलाओं की जांच और सप्लीमेंट पर भारी बजट खर्च कर रही है, तो एनीमिया और हाइपरटेंशन जैसी समस्याओं से किसी भी महिला की मृत्यु नहीं होनी चाहिए। नवाबगंज के कल्याणपुर जैसे क्षेत्रों में एम्बुलेंस पहुंचने में देरी और कम संस्थागत प्रसव पर जवाब-तलब किया। डीएम ने कहा कि आम जनता की समस्याओं के प्रति संवेदनशील बनें। यह सुनिश्चित करे कि जननी सुरक्षा योजना के लाभार्थियों को पैसा मिलते ही सीधे उनके खातों में ट्रांसफर किया जाए। 

भमौरा और क्यारा जैसे ग्रामीण इलाकों में फॉगिंग की कमी पर सख्त हिदायत दी। साथ ही, आशा और एएनएम के कार्यों की निगरानी के लिए उनका मई माह का फील्ड विजिट प्लान भी तलब किया। बैठक में निर्देश दिए गए कि दलेलनगर और मझगवां जैसे क्षेत्रों में जहां वैक्सीनेशन कम हुआ है, वहां विशेष अभियान चलाकर सुधार किया जाए। बैठक में सीडीओ डॉ. विश्राम सिंह सहित सभी एमओआईसी मौजूद रहे, जिन्हें व्यवस्थाओं में सुधार हेतु समयसीमा के भीतर कार्य करने की चेतावनी दी गई।

संबंधित समाचार