अविनाश पांडे ने अजय राय के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ के लिए मंदिरों में की पूजा, जानिए अब कैसी है तबियत

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

लखनऊ। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और उत्तर प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडे ने रविवार को लखनऊ के हनुमान सेतु और कालीबाड़ी मंदिर में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व पूर्व मंत्री अजय राय के शीघ्र स्वास्थ्य होने की कामना की। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। अविनाश पांडेय ने एक न्यूज एजेंसी को बताया कि लखनऊ स्थित हनुमान सेतु और कालीबाड़ी मंदिर में पूजा कर राय के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना की।

मेदांता अस्पताल द्वारा जारी बयान के अनुसार, राय (56) को अचानक तबीयत बिगड़ने पर शुक्रवार को लखनऊ के मेदांता अस्पताल के आपातकालीन वार्ड में भर्ती कराया गया था। राय को एक मई को शाम करीब 6:30 बजे आपातकालीन विभाग लाया गया। बयान के मुताबिक, उस समय वह अचेत थे और उन्हें दौरे की शिकायत थी।

चिकित्सकों ने बताया कि प्रारंभिक जांच में उनके रक्त में सोडियम का स्तर कम मिला। अस्पताल बुलेटिन के मुताबिक, फिलहाल राय का इलाज क्रिटिकल केयर विशेषज्ञ डॉ. दिलीप दुबे व उनकी टीम की निगरानी में जारी है। बुलेटिन में बताया गया कि उपचार के दौरान सोडियम स्तर को नियंत्रित व स्थिर किया गया तथा उनकी स्थिति पहले से बेहतर है। 

चिकित्सकों ने बताया कि उन्हें अभी आईसीयू में चिकित्सकों की सतत निगरानी में रखा गया है। अजय राय की तबीयत बिगड़ने के बाद शुक्रवार आधी रात प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने चिंता जताई और 'एक्स' पर पोस्ट कर उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। शनिवार को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी समेत कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं ने भी राय के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की। 

पांच बार विधायक और उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री रह चुके अजय राय ने 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनाव में वाराणसी सीट से कांग्रेस उम्मीदवार के रूप में प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ चुनाव लड़ा था लेकिन जीत हासिल नहीं कर सके।  

संबंधित समाचार