कानपुर : सम्मान समारोह में बोले मंत्री योगेंद्र उपाध्याय- शिक्षामित्र शिक्षा व्यवस्था की मजबूत कड़ी

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

कानपुर। कानपुर जिले में मंगलवार को मर्चेंट चैंबर ऑफ कॉमर्स सभागार में शिक्षामित्र सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें प्रभारी मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने शिक्षामित्रों के योगदान को सराहते हुए उन्हें शिक्षा व्यवस्था की मजबूत कड़ी बताया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ हुआ।

अपने संबोधन में प्रभारी मंत्री ने कहा कि शिक्षामित्र विशेषकर ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में बच्चों तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर प्रयासरत है और शिक्षकों व शिक्षामित्रों के हितों को प्राथमिकता दी जा रही है।

उन्होंने बताया कि शिक्षामित्रों का मानदेय 10 हजार रुपये से बढ़ाकर 18 हजार रुपये किया गया है, जिससे उनके जीवन स्तर में सुधार होगा और वे अधिक उत्साह के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकेंगे। इस अवसर पर जनपद के विभिन्न विकासखंडों से चयनित शिक्षामित्रों को प्रतीकात्मक चेक प्रदान कर सम्मानित किया गया।

सम्मानित होने वालों में ककवन से दुष्यंत सिंह यादव, बिल्हौर से सुरेंद्र सिंह, भीतरगांव से रंजना, चौबेपुर से स्मृति मिश्रा, कल्याणपुर से बबिता कुरील, सरसौल से विनय, शिवराजपुर से रंजना मिश्र, पतारा से पूजा सिंह, बिधनू से हेमंत अवस्थी, घाटमपुर से सोनी भदौरिया तथा नगर क्षेत्र से त्रिभुवन और विवेक मिश्र शामिल रहे। सम्मानित शिक्षामित्रों ने इस पहल के लिए आभार व्यक्त करते हुए शिक्षा के क्षेत्र में पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करने का संकल्प दोहराया।

कार्यक्रम में महापौर प्रमिला पांडेय, जिला पंचायत अध्यक्ष स्वप्निल वरुण, विधायक नीलिमा कटियार, सरोज कुरील एवं सुरेंद्र मैथानी, जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जैन, एडीएम सिटी डॉ. राजेश कुमार, डीआईओएस संतोष राय, बीएसए सुरजीत सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।

संबंधित समाचार