फेसबुक पर फोटो देख टूटी महिला की हिम्मत, बदनामी के डर से चुन ली मौत की राह

Amrit Vichar Network
Published By Virendra Pandey
On

लखनऊ, अमृत विचार: बख्शी का तालाब इलाके में पड़ोसी ने महिला को कॉल व मिलने का दबाव बनाया। इंकार पर महिला की अपने संग फोटो फेसबुक पर वायरल कर दी। बदनामी से क्षुब्ध होकर महिला ने कीटनाशक पी लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन ने अस्पताल में भर्ती कराया, जहां बुधवार सुबह महिला ने दम तोड़ दिया। परिजन का आरोप है कि पड़ोसी दो-तीन दिन से फोन कर महिला पर बात करने और मिलने का दबाव बना रहा था। इंकार पर अंजाम भुगतने की धमकी दी थी। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।

कोटवा गांव निवासी संदीप कुमार मजदूरी करता है। उसकी शादी सीतापुर के अमौरा गांव निवासी मोहनलाल की बेटी निशा (30) से वर्ष 2012 में हुई थी। उनके दो बच्चे बेटा सत्यम और बेटी पूर्वा हैं। मृतका के भाई मंजीत ने बताया कि पड़ोस में रहने वाला शादीशुदा व्यक्ति निशा से बातचीत करता था। बातचीत के दौरान उसने निशा से मोबाइल नंबर ले लिया। उसके बाद पड़ोसी कॉल कर निशा को परेशान करने लगा। निशा ने कई बार विरोध किया तो आरोपी ने धमकाया कि वह उसकी फोटो फेसबुक में डाल देगा।

बात न करने पर आरोपी ने तीन-चार दिन पहले निशा की अपने संग एक फोटो फेसबुक में वायरल कर दी थी। जिससे वह काफी परेशान रहने लगी थी। आरोपी दो दिन से लगातार निशा को कॉल कर मिलने व बात करने का दबाव बना रहा था। प्रताड़ना व बदनामी से क्षुब्ध होकर निशा ने मंगलवार को घर पर कीटनाशक पी लिया। हालत बिगड़ने पर परिवारवालों ने निशा को पास के अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने हालत गंभीर देख उसे ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया।

बुधवार सुबह इलाज के दौरान निशा की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। छानबीन के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पीड़ित परिजन ने बताया कि घटना के बाद से आरोपी घर से भाग गया है। बीकेटी इंस्पेक्टर संजय कुमार सिंह ने बताया कि महिला की जहर खाने से मौत की जानकारी मिली है। मृतका के परिजन ने अभी तक कोई तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलने पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

संबंधित समाचार