लखनऊ में आसान हुआ भवन का नक्शा बनवाना, LDA कराएगा आर्किटेक्ट्स का पैनल तैयार
लखनऊ, अमृत विचार : भवन निर्माण का मानचित्र बनवाने के लिए अब लखनऊ के लोगों को भटकना नहीं पड़ेगा। एलडीए आर्किटेक्ट्स का पैनल तैयार करेगा। ये पैलन सरल और पारदर्शी प्रक्रिया से मानचित्र पास कराने में मदद करेगा। प्राधिकरण ने आर्किटेक्ट्स के इम्पैनलमेंट के लिए विज्ञापन निकाल दिया है।
लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि आवासीय एवं व्यावसायिक भवन निर्माण के लिए प्राधिकरण से मानचित्र स्वीकृत कराना अनिवार्य है। मानचित्र के लिए लोगों को आर्किटेक्ट ढूंढने पड़ते हैं। इसमें वह कई बार बिचौलिये के चक्कर में फंस जाते हैं, जिससे अधिक पैसा खर्च होने के साथ समय की बर्बादी भी होती है। धोखाधड़ी की आशंका भी बनी रहती थी।
कई मामलों में आर्किटेक्ट के अधीनस्थ मानचित्र सबमिट करते हैं। तकनीकी खामियों के कारण आवेदन निरस्त हो जाते हैं। इस कारण मानचित्र स्वीकृति में अनावश्यक विलंब होता हैं। लोगों की इन्हीं परेशानियों को देखते हुए प्राधिकरण नई व्यवस्था लागू कर रहा है। एलडीए आर्किटेक्ट्स का पैनल तैयार करेगा। ये आर्किटेक्ट्स मानचित्र तैयार करने के लिए अधिकृत होंगे। नई व्यवस्था से आवेदन की गुणवत्ता बेहतर होगी जिससे मानचित्र स्वीकृति प्रक्रिया पारदर्शी, सरल होने के साथ जल्दी पूरी भी हो जाएगी।
पंजीकृत आर्किटेक्ट कर सकेंगे आवेदन
मुख्य नगर नियोजक केके गौतम ने बताया कि काउंसिल ऑफ आर्किटेक्चर में पंजीकृत आर्किटेक्ट ही पैनल में शामिल होने के लिए आवेदन कर सकेंगे। चयनित आर्किटेक्ट्स को उपलब्धता के आधार पर प्राधिकरण कार्यालय में वर्क स्पेस भी उपलब्ध कराया जाएगा। आर्किटेक्ट्स के लिए 75 रुपये प्रति वर्गमीटर की दर से फीस निर्धारित की गई है। बेहतर प्रदर्शन करने वाले आर्किटेक्ट्स को प्राधिकरण के स्तर से 50,000 रुपये तक तिमाही इंसेंटिव भी दिया जाएगा।
