अयोध्या : प्रैक्टिकल में मिले सिर्फ चार नंबर, फेल हुई छात्रा, प्रधानाचार्य पर गंभीर आरोप
अयोध्या, अमृत विचार : मिल्कीपुर तहसील के कुचेरा बाजार स्थित एक इंटर कॉलेज की कक्षा 10 की एक छात्रा ने विद्यालय के प्रधानाचार्य पर गंभीर आरोप लगाए हैं। आरोप है कि उसे प्रैक्टिकल परीक्षा में जानबूझकर चार अंक देकर उसे फेल कर दिया गया, जबकि लिखित परीक्षा में वह सभी विषयों में उत्तीर्ण है। पीड़ित छात्रा ने मुख्यमंत्री, माध्यमिक शिक्षा परिषद सचिव, डीएम और एसएसपी को शिकायती पत्र भेजकर न्याय की मांग की है। वह अपने पिता के साथ बुधवार को जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. पवन कुमार तिवारी से भी मिली। जिला विद्यालय निरीक्षक ने मामले में जांच के आदेश दिए हैं।
छात्रा का आरोप है कि प्रधानाचार्य का व्यवहार उसके प्रति गलत नजरिए वाला था। विरोध करने और परिजनों द्वारा शिकायत करने पर वह गाली-गलौज कर धमकी देता था कि वह 10वीं की परीक्षा में उसे पास नहीं होने देंगे। छात्रा का दावा है कि इसकी रिकॉर्डिंग उसके पास मौजूद है। 23 अप्रैल को रिजल्ट आने पर छात्रा ने पाया कि प्रत्येक विषय के 30 अंक के प्रैक्टिकल में उसे अधिकतम चार अंक ही दिए गए, जिससे वह अनुत्तीर्ण हो गई। पूछने पर प्रधानाचार्य ने कहा जो करना था कर दिया, तुम्हें जो करना हो कर लो। छात्रा ने आरोप लगाया कि टीसी व चरित्र प्रमाण पत्र खराब करने की धमकी भी दी गई। इस संदर्भ में डीआईओएस का कहना है कि पीड़ित छात्रा ने पूरे प्रकरण की लिखित शिकायत दी है। विद्यालय के प्रधानाचार्य से स्पष्टीकरण मांगा गया है।
छात्रा ने शिक्षिका पर लगाया प्रताड़ित करने का आरोप
शिक्षा क्षेत्र सोहावल के प्राथमिक विद्यालय गंगापुर की शिक्षिका पर करेरू मजरे गिरधरपुर निवासी छात्रा अनामिका तिवारी के पिता विजय तिवारी ने प्रताड़ना का आरोप लगाया है। एसडीएम सोहावल सविता देवी को दिए गए शिकायती पत्र में कहा है कि उसकी पुत्री को विद्यालय में प्रताड़ित किया जाता है। इसकी शिकायत खंड शिक्षाधिकारी सोहावल रविता राव से की गई थी। बेटी जब मंगलवार को विद्यालय गई तो उक्त शिक्षिका उससे अभद्रता की।शिकायतकर्ता ने एसडीएम से मामले में कठोर कार्रवाई करने के साथ बेटी की टीसी दिलवाने की मांग की है। एसडीएम ने बताया कि अभिभावक की शिकायत पर खंड शिक्षाधिकारी को जांच के बाद कार्रवाई के लिए निर्देशित किया गया है।
