सुलतानपुर में बाइकों की टक्कर में दो मरे, तीन गंभीर
सुलतानपुर। उत्तर प्रदेश में सुलतानपुर जिले के बल्दीराय थानाक्षेत्र के पूरे चंद्रिका मिश्रा नहर पटरी पर मंगलवार शाम दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला, एक बच्चा और एक अन्य बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस सूत्रों के अनुसार हादसे में एक बाइक चालक अयोध्या निवासी सुरेशचंद्र मिश्रा (45) और दूसरी बाइक पर पीछे बैठे अमेठी निवासी राम पटेसर की जान चली गई।
घायल अमेठी निवासी तिलकराज (43) और हिमांशी पाठक (16) को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बल्दीराय ले जाया गया, जहां से एक घायल को सुलतानपुर जिला अस्पताल रेफर किया गया है। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरे और घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों ने तुरंत एंबुलेंस और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाया और शवों को कब्जे में लिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
