असम के मुख्यमंत्री पद से हिमंत विश्व शर्मा ने राज्यपाल को सौंपा इस्तीफा, नई सरकार के गठन की प्रक्रिया तेज 

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

गुवाहाटी। असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने बुधवार को अपने मंत्रिमंडल के सहयोगियों के साथ इस्तीफा दे दिया, जिससे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व में नयी सरकार के गठन का रास्ता साफ हो गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने 126 सदस्यीय विधानसभा में 102 सीटें जीती हैं। असम में विधानसभा चुनाव नौ अप्रैल को एक चरण में हुए थे और मतगणना चार मई को हुई थी। 

मुख्यमंत्री कार्यालय ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''असम चुनाव 2026 के परिणामों की औपचारिक अधिसूचना के बाद और नयी सरकार के गठन को सुगम बनाने के लिए डॉ. हिमंत विश्व शर्मा ने आज लोक भवन में माननीय राज्यपाल लक्ष्मण आचार्य को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा सौंप दिया और साथ ही उनके मंत्रिमंडल के सहयोगियों ने भी इस्तीफा सौंप दिया।'' पोस्ट में कहा गया कि राज्यपाल ने इस्तीफा स्वीकार कर लिया है और नयी सरकार के पदभार संभालने तक शर्मा से कार्यवाहक मुख्यमंत्री के रूप में बने रहने का अनुरोध किया है। 

बाद में लोक भवन के बाहर पत्रकारों से बातचीत में शर्मा ने कहा कि शपथ ग्रहण समारोह 11 मई के बाद होने की संभावना है। उन्होंने कहा, ''यह ऐतिहासिक जीत है, इसलिए हमने इस अवसर पर उपस्थित होने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को आमंत्रित किया है।'' शर्मा ने बताया कि असम के नए मुख्यमंत्री का चयन केंद्रीय पर्यवेक्षकों की मौजूदगी में भाजपा विधायक दल की बैठक में किया जाएगा। 

ये भी पढ़ें : 
एलन मस्क ने भारतीय स्टार्टअप गैलेक्सआई को दी बधाई, PM मोदी के पोस्ट पर लिखा- 'बधाई', भारत के अंतरिक्ष क्षेत्र की बढ़ी धमक

संबंधित समाचार