मतगणना के CCTV फुटेज हो सार्वजनिक... बंगाल चुनाव में धांधली का आरोप लगा अखिलेश ने सुप्रीम कोर्ट से की यह खास अपील
लखनऊ। समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पश्चिम बंगाल विधानसभा के हालिया चुनाव में बड़े पैमाने पर धांधली के आरोप लगाते हुए उच्चतम न्यायालय से इस मामले का संज्ञान लेने और इस राज्य में हुई मतगणना के सीसीटीवी फुटेज पूरे देश के सामने जारी करने की बुधवार को मांग की। अखिलेश यादव ने यहां संवाददाता सम्मेलन में यह भी कहा कि भाजपा नेताओं, अधिकारियों, कारोबारियों और ठेकेदारों का 'बहु-स्तरीय चुनावी माफिया' पश्चिम बंगाल में अपना 'खेल' करने के बाद उत्तर प्रदेश विधानसभा के आगामी चुनाव में किसी नयी योजना के साथ काम करेंगे।
सपा प्रमुख ने बंगाल के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को फायदा पहुंचाने के लिए बड़े पैमाने पर धांधली किये जाने और बड़ी संख्या में वोट काटे जाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, ''हमारी मांग है कि उच्चतम न्यायालय तत्काल संज्ञान ले और बंगाल की मतगणना के सीसीटीवी फुटेज पूरे देश के सामने उपलब्ध कराये जाएं।''
अखिलेश यादव ने कहा कि जब अदालतों की कार्यवाही का सजीव प्रसारण हो सकता है तो मतगणना की प्रक्रिया का क्यों नहीं। उन्होंने पिछले कई विधानसभा चुनावों और उपचुनावों में हार-जीत के अंतर के आंकड़ों के ग्राफ पेश करते हुए निर्वाचन आयोग पर पक्षपात के गम्भीर आरोप लगाये तथा कहा कि पश्चिम बंगाल में जो हुआ है, उसे समाजवादी लोग उत्तर प्रदेश में पहले ही भोग चुके हैं। अखिलेश यादव ने दावा किया कि पश्चिम बंगाल की 143 विधानसभा सीट पर मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत 20—20 हजार से ज्यादा वोट काटे गये तथा उनमें से 91 सीट भाजपा जीत गयी।
उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रदेश में चार करोड़ वोट कट जाने सम्बन्धी पहले के एक बयान की तरफ इशारा करते हुए कहा, ''आपको याद होगा कि यहां भाजपा के लोग घबरा गए थे, जब उनका वोट कटा और कहा कि हमारा चार करोड़ वोट कट गया। आखिर उन्हें कैसे पता कि उन्हीं का वोट कट गया है। इसका मतलब यह है कि बंगाल में जो-जो अनुभव इन्होंने प्राप्त किया है, उससे भी बड़ा कोई काम यह उत्तर प्रदेश के (आगामी विधानसभा) चुनाव में करेंगे।''
सपा प्रमुख ने कहा कि 'बहु-स्तरीय चुनावी माफिया' मिलकर शोध करेंगे और उत्तर प्रदेश विधानसभा के अगले चुनाव के लिए कोई नयी तैयारी करेंगे, क्योंकि उन्होंने जो बंगाल में किया, वह तो सबके सामने आ गया। हालांकि, यादव ने अगले साल होने वाले राज्य विधानसभा चुनाव में अपनी पार्टी की 'ऐतिहासिक जीत' का भरोसा जताते हुए कहा, ''वर्ष 2027 में 'पीडीए' (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग) ऐतिहासिक जीत हासिल करने जा रहा है। उत्तर प्रदेश की जनता चुनाव लड़ेगी, कार्यकर्ता चुनाव लड़ेगा और हमारा संगठन चुनाव लड़ेगा।''
पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस का एक दफ्तर जलाए जाने और उसके कार्यकर्ताओं से मारपीट किए जाने की घटना से संबंधित एक सवाल पर सपा प्रमुख ने कहा कि भाजपा जो कर रही है वह लोकतंत्र को कमजोर करने वाला है। उन्होंने सवालिया लहजे में कहा, ''अगर किसी पार्टी की नयी सरकार बनती है तो क्या आप पूर्ववर्ती सत्तारूढ़ पार्टी के कार्यकर्ताओं की जान ले लेंगे? क्या आप कार्यालय जला देंगे? दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी (भाजपा) विश्व को क्या सीख दे रही है?''
चुनाव हारने के बावजूद पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के इस्तीफा नहीं देने के ऐलान के बारे में पूछे जाने पर यादव ने कहा, ''जब चुनाव ही लूट लिया गया तो वह क्यों इस्तीफा देंगी। हम उनसे मिलेंगे तो बातचीत होगी। अभी मैं क्या कह सकता हूं।'' 'इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस' (इंडिया) से जुड़ाव के बारे में पूछे गये एक सवाल पर यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी 'इंडिया' गठबंधन के साथ अपना जुड़ाव जारी रखेगी, लेकिन इस बार 'पीडीए' भाजपा को समूल उखाड़ फेंकेगा।''
