ODI World Cup 2027: भारत के पड़ोसी देश ने जीत के लिए कमर कसी, बनना चाहता है प्रबल दावेदार

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

काठमांडू: आईसीसी क्रिकेट विश्व कप लीग-2 में नेपाल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ओमान को 81 रनों से करारी शिकस्त दी है। इस जीत के साथ नेपाल की 2027 ODI विश्व कप में खेलने की उम्मीदें एक बार फिर से जग गई हैं।

मैच में नेपाल ने पहले बल्लेबाजी का फैसला करते हुए निर्धारित 50 ओवरों में 256 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। जवाब में ओमान की पूरी टीम 175 रनों पर सिमट गई। इस बड़ी जीत के साथ नेपाल ने अपनी क्वालीफिकेशन की राह को थोड़ा और आसान बनाया है।

लीग की अंक तालिका में फिलहाल अमेरिका टॉप पर काबिज है, जबकि नेपाल 18 अंकों के साथ सातवें स्थान पर है। विश्व कप 2027 के लिए सीधे क्वालीफाई करने के लिए नेपाल को टॉप-4 में जगह बनानी होगी। इसके लिए नीदरलैंड्स और ओमान जैसी टीमों को पीछे छोड़ना जरूरी है।

नेपाल के पास दो रास्ते  

नेपाल के पास 2027 वनडे विश्व कप खेलने के दो अवसर हैं। पहला — बचे हुए 12 मैचों में कम से कम 8-9 जीत दर्ज कर टॉप-4 में जगह बनाना, जिससे वह सीधे मुख्य क्वालीफायर में पहुंच जाएगा। दूसरा — अगर टॉप-4 में जगह नहीं बनी तो प्लेऑफ राउंड के जरिए क्वालीफिकेशन की कोशिश करना।

चुनौती भरा सफर  

नेपाल की राह अभी भी काफी कठिन है। उसे स्कॉटलैंड और अमेरिका जैसी मजबूत टीमों के खिलाफ खेलना है, हालांकि ये मैच घरेलू मैदान पर होने वाले हैं। वहीं जुलाई में नीदरलैंड्स और नामीबिया के खिलाफ बाहर के मुकाबले भी उसकी किस्मत तय करेंगे।

अभी तक की इस जीत ने नेपाल क्रिकेट को नई उम्मीद दी है और क्रिकेट प्रेमी उत्सुकता से टीम के आगामी प्रदर्शन का इंतजार कर रहे हैं।

संबंधित समाचार