Humne Wahin Lagaya Dil : बादशाह की आवाज में रेट्रो स्वैग, 'हमने वहीं लगाया दिल' गाने में सारा-वामिका ने लगाया ग्लैमर का तड़का
मुंबई। फिल्म 'पति पत्नी और वो दो' के मेकर्स- टी-सीरीज़ और बी आर स्टूडियोज़ ने अपना अगला ट्रैक 'हमने वहीं लगाया दिल' रिलीज़ कर दिया है। यह गाना एक पुराने और पसंद किए जाने वाले ट्रैक की याद दिलाता है, जिसे नए अंदाज में पेश किया गया है। मजेदार और कैची म्यूजिक के साथ यह गाना पुराने दौर की फील और नए ट्विस्ट का बेहतरीन मेल है, जो फिल्म के म्यूजिक को और भी खास बना देता है।
'हमने वहीं लगाया दिल' को बादशाह, कृष मंडल, किशोर मंडल और इप्सिता ने अपनी आवाज़ दी है। गाने का म्यूजिक बादशाह, हितेन और देव सदाना ने तैयार किया है, जबकि इसके बोल बादशाह और कुणाल वर्मा ने लिखे हैं। जंगल थीम पर बने इस गाने में फिल्म की पूरी स्टार कास्ट नजर आती है, जिसमें आयुष्मान खुराना, सारा अली खान, वामिका गब्बी और रकुल प्रीत सिंह शामिल हैं।
साथ ही, ट्रैक में इसके सिंगर्स की झलक भी देखने को मिलती है। बॉस्को लेस्ली मार्टिस की कोरियोग्राफी के साथ यह गाना हाई एनर्जी और फुल एंटरटेनमेंट से भरपूर है, जो फिल्म के मजेदार और हल्के-फुल्के माहौल को बहुत ही खूबसूरती से पेश करता है। गुलशन कुमार, बी आर चोपड़ा और टी-सीरीज़ प्रस्तुत 'पति पत्नी और वो दो' एक टी-सीरीज़ फिल्म्स और बी आर स्टूडियोज़ प्रोडक्शन है।
इस फिल्म का निर्देशन मुदस्सर अजीज ने किया है, जबकि इसे भूषण कुमार, रेनू रवि चोपड़ा और कृष्ण कुमार ने प्रोड्यूस किया है और जूनो चोपड़ा ने क्रिएटिव प्रोड्यूसर की जिम्मेदारी संभाली है। फिल्म 15 मई, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी।
