Lucknow Tennis Tournament : ITF Junior J-30 में बड़ा उलटफेर, मारिया पटेल को हराकर अंतिम 16 में पहुंचीं समायरा कोहली
आईटीएफ जूनियर जे-30 लखनऊ टूर्नामेंट में रोमांचक मुकाबले बालकों में शौनक, अथर्व, पार्थिव और श्रेयंत दूसरे दौर में
लखनऊ, अमृत विचार : आईटीएफ जूनियर जे-30 लखनऊ टेनिस टूर्नामेंट में गैर वरीय भारतीय खिलाड़ी समायरा कोहली ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बड़ा उलटफेर किया। उन्होंने बालिका एकल के मुकाबले में दूसरी वरीय मारिया पटेल को एकतरफा अंदाज में 6-1, 6-1 से हराकर अंतिम 16 में जगह बना ली।
केसरी स्पोर्ट्स और यूपीटीएम की देखरेख में गोमती नगर स्थित विजयंत खंड मिनी स्टेडियम के टेनिस एरिना में खेले जा रहे इस टूर्नामेंट के दूसरे दिन कई मुकाबले कड़े संघर्ष और उतार-चढ़ाव से भरपूर रहे। समायरा ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया। उनकी मजबूत सर्विस और सटीक शॉट्स के सामने मारिया टिक नहीं सकीं और सीधे सेटों में हार गईं।
वहीं बालक एकल वर्ग में उत्तर प्रदेश के ऋषि यादव पहले दौर में हारकर बाहर हो गए। उन्हें ऋभव सरोहा ने 6-1, 6-2 से हराया। अन्य मुकाबलों में खिलाड़ियों को जीत के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। अथर्व श्रीरामोजू ने क्वालीफायर हर्ष मारवाहा को 7-6(6), 4-6, 6-2 से हराया। सातवीं वरीय शौनक चटर्जी ने रोमांचक मुकाबले में माधव दाधीच को 6-3, 3-6, 6-4 से मात दी।
क्वालीफायर पार्थिव नल्लागुंडला ने दक्ष कुकरेती के खिलाफ पहला सेट गंवाने के बाद 0-6, 6-2, 6-3 से शानदार वापसी करते हुए जीत दर्ज की। वहीं श्रेयंत महंतेशा ने अमृत धनखड़ को 6-3, 4-6, 6-4 से हराकर प्री-क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। टूर्नामेंट में आगे भी कड़े और रोमांचक मुकाबलों की उम्मीद है।
