UP: ब्लैकमेल करता था प्रेमी, पति के साथ मिलकर की थी हत्या
पीलीभीत/माधोटांडा। ग्राम बसंतपुर नौनेर के रहने वाले गुरबाज सिंह की हत्या उसकी ही प्रेमिका ने अपने पति के साथ मिलकर की थी। प्रेम प्रसंग की बात गांव में फैलने के बाद वह उससे पीछा छुड़ाना चाहती थी, लेकिन दबाव बनाकर वह आपत्तिजनक फोटो वीडियो वायरल करने की धमकी दे रहा था। पुलिस ने आरोपी दंपती को गिरफ्तार कर हत्या में इस्तेमाल लोहे की रॉड भी बरामद कर ली है। दोनों आरोपियों को खुलासा कर जेल भेज दिया है।
बता दें कि माधोटांडा थाना क्षेत्र के ग्राम बसंतपुर नौनेर के रहने वाले जसवंत सिंह का पुत्र गुरबाज सिंह 22 अप्रैल को घर से पूरनपुर जाने की बात कहकर निकला था। इसके बाद से वह लापता हो गया। परिवार वालों ने काफी जगह तलाश किया लेकिन कुछ पता नहीं चल सका। इस मामले में 26 अप्रैल को माधोटांडा थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई। उसी दिन लापता चल रहे गुरबाज का शव पूरनपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम तकियादीनारपुर में एक मंदिर के पास खेत में बने खंडहर से बरामद हो गया था।
नजदीक में ही मृतक की बाइक खड़ी मिली थी। बाइक के नंबर से जानकारी की गई और शव की शिनाख्त हो सकी थी। पुलिस ने दर्ज की गई गुमशुदगी को हत्या की धारा में तरमीम किया। अज्ञात पर दर्ज की गई रिपोर्ट में पुलिस ने विवेचना शुरू करते हुए साक्ष्य जुटाना शुरू करदिए। सर्विलांस टीम की मदद ली गई। कई जगह के सीसीटीवी की फुटेज भी पुलिस को मिली। जिसके आधार पर सुरागरसी करते हुए पुलिस हत्यारोपियों तक पहुंच गई।
ग्राम बसंतपुर नौनेर के ही निवासी सतेंद्र और उसकी पत्नी शुभप्रीत कौर उर्फ गुरजीत कौर का नाम प्रकाश में आया। जानकारी में यह भी आया कि शुभप्रीत का मृतक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों की धरपकड़ को प्रयास तेज कर दिए। बुधवार को पुलिस ने चित्तरपुर पुल से पूरनपुर जाने वाले मार्ग से आरोपी दंपति को धर दबोचा। उनसे पूछताछ की गई तो हत्या की गुत्थी सुलझ गई। प्रेमिका ने ही प्रेमी (मृतक) से पीछा छुड़ाने के लिए पति के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी थी। सीओ पूरनपुर डॉ. प्रतीक दहिया ने प्रेसवार्ता कर हत्याकांड का खुलासा किया। इंस्पेक्टर अशोक पाल ने बताया कि गुरबाज हत्याकांड के दोनों आरोपियों को चालान कर कोर्ट में पेश करके जेल भेज दिया है।
एक साल से प्रेम प्रसंग में थे हत्यारोपी महिला और गुरबाज
पुलिस ने हत्याकांड में गिरफ्तार किए गए दंपती से गहनता से पूछताछ की। जिसके बाद पूरी घटना की गुत्थी खुलने में देर नहीं लगी। पुलिस के अनुसार, आरोपी महिला और मृतक के बीच करीब एक साल से प्रेम प्रसंग था। इसकी जानकारी गांव के लोगों और महिला के परिवार वालों को भी हो गई थी। परिवार की बदनामी होने लगी। इस पर महिला गुरबाज से कोई संबंध नहीं रखना चाहती थी। मगर, गुरबाज महिला का पीछा नहीं छोड़ रहा था। आरोप है कि महिला के आपत्तिजनक फोटो और वीडियो भी उसके पास थे। जिसे वायरल कर ब्लैकमेल करने लगा। इसी के बाद हत्या कर दी गई।
खंडहर में बुलाकर किए गए थे लोहे की रॉड से वार
पुलिस ने खुलासा करते हुए पूरे घटनाक्रम को उजागर किया। इंस्पेक्टर अशोक पाल ने बताया कि आरोपी दंपती गुरबाज की हत्या करने की पूरी प्लानिंग कर चुके थे। इसी के तहत 22 अप्रैल को गुरबाज को तकिया दीनारपुर के मंदिर के पास खंडहर की तरफ बुलाया गया। वहां पर महिला और गुरबाज पहले भी कई बार मिला करते थे। जैसे ही गुरबाज वहां पर पहुंचा। दंपती ने उस पर लोहे की रॉड से वार करके हत्या कर दी। उसके गले में पड़ी चेन को वहीं पर छिपाकर रख दिया था। हत्या करने के बाद घबराहट हुई और पकड़े जाने का डर भी सता रहा था। ऐसे में वापस घर न जाकर आरोपी दंपती देर रात तक पूरनपुर में ही घूमते रहे। फिर माधोटांडा रोड से सीधे घर न जाकर गुलाब टांडा गांव की ओर से घर की तरफ गए। इसी बीच रास्ते में गुलाब टांडा गांव के पास से गुजरी नहर में मृतका का मोबाइल फेंक दिया था। पुलिस ने लोहे की रॉड और चेन भी बरामद कर ली है।
सीओ पूरनपुर डॉ. प्रतीक दहिया ने बताया कि इस मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने पर अज्ञात पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई। सर्विलांस टीम और माधोटांडा पुलिस ने साक्ष्य जुटाए। जिसके बाद आरोपी दंपति को गिरफ्तार किया गया। महिला और मृतक के बीच एक साल से संबंध थे, लेकिन महिला इसे आगे जारी नहीं रखना चाहती थी। युवक ने ब्लैकमेल किया तो महिला ने पति संग मिलकर हत्या कर दी। दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया है।
