Firozabad News : फिरोजाबाद में कक्षा एक की छात्रा का अपहरण, अभिभावकों में दहशत

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश में फिरोजाबाद जिले के थाना दक्षिण क्षेत्र स्थित एस.एन. रोड के एमजीएम कॉन्वेंट स्कूल से बुधवार सुबह एक छह वर्षीय छात्रा के अपहरण से हड़कंप मच गया। घटना के बाद स्कूल प्रशासन, छात्र-छात्राओं और अभिभावकों में दहशत का माहौल है।

पुलिस के अनुसार थाना दक्षिण क्षेत्र के मोहल्ला नई बस्ती निवासी संजय सक्सेना की छह वर्षीय धेवती शिफत, पुत्री जसप्रीत सिंह, प्रतिदिन की तरह बुधवार सुबह स्कूल पढ़ने गई थी। वह कक्षा-1 की छात्रा है। दोपहर में स्कूल की छुट्टी के बाद जब वह घर नहीं पहुंची तो परिजन चिंतित हो उठे और स्कूल जाकर जानकारी की। स्कूल में पूछताछ के दौरान पता चला कि छात्रा परिसर में मौजूद नहीं है।

इसके बाद परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्कूल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की, जिसमें एक युवक बच्ची को ले जाते हुए दिखाई दिया। छात्रा के नाना संजय सक्सेना द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर बच्ची की तलाश शुरू कर दी है।

परिजनों ने आशंका जताई है कि पारिवारिक विवाद के चलते बच्ची के पिता द्वारा उसका अपहरण किया गया हो सकता है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध युवक की पहचान कर जल्द ही छात्रा की सकुशल बरामदगी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। 

संबंधित समाचार