UP:नहर में ट्रैक्टर पलटने से एक युवक की मौत, तहेरा भाई गंभीर घायल
बिलासपुर, अमृत विचार। क्षेत्र के गांव बेगमाबाद में एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर नहर में पलट गया। जिससे एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में उसका तहेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए सीएचसी पर भर्ती कराया गया है। दोनों ट्रैक्टर की सर्विस कराने जा रहे थे।
यह घटना शनिवार सुबह करीब साढ़े दस बजे गांव बेगमाबाद में पूर्व विधायक जयदीप सिंह बरार के फार्म हाउस के पास हुई। खजुरिया थाने के खंडिया गांव निवासी रमन कुमार (20) अपने ट्रैक्टर की सर्विस कराने बेगमाबाद जा रहे थे। ट्रैक्टर रमन चला रहे थे और उनके तहेरे भाई विक्रांत (20) साथ बैठे थे। बरार फार्म से पहले अचानक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर नहर में पलट गया। दोनों भाई ट्रैक्टर के नीचे दब गए। मौके से गुजर रहे राहगीरों ने हादसा देखकर शोर मचाया, जिसके बाद स्थानीय लोग एकत्र हुए और दोनों को ट्रैक्टर के नीचे से बाहर निकाला।
पहचान के बाद परिजनों को सूचना दी गई, जो घटनास्थल पर पहुंच गए। रमन की मौके पर ही मौत हो चुकी थी और परिजन उसके शव को अपने साथ घर ले गए। गंभीर रूप से घायल विक्रांत को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। मृतक के रिश्तेदार भानु प्रताप, मनोहर लाल और आदेश कुमार ने बताया कि पुलिस मौके पर पहुंची थी, लेकिन परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। परिवार अब शव के अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहा है। थानाध्यक्ष पंकज पंत ने दुर्घटना की पुष्टि की है। उन्होंने भी बताया कि परिजनों ने इस घटना को एक अनहोनी मानते हुए शव का पोस्टमार्टम कराने से मनाकर दिया है।
