Moradabad: प्रदूषण फैलाने वाली 34 और इकाइयों पर सख्ती, बंद करने की मिली अनुमति
मुरादाबाद, अमृत विचार। जिले में प्रदूषणकारी इकाइयों के खिलाफ कार्रवाई तेज हो गई है। उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड निदेशालय लखनऊ ने पहले 32 इकाइयों को बंद कराने की अनुमति दी थी, वहीं अब यह संख्या बढ़ाकर 66 हो गई है। निदेशालय ने अब 34 इकाइयों को बंद करने की अनुमति प्रदान कर दी है।
क्षेत्रीय अधिकारी प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड डीके गुप्ता ने बताया कि ये इकाइयां नगर निगम और नगर पंचायत क्षेत्रों में संचालित हो रही हैं और लंबे समय से पर्यावरणीय मानकों का उल्लंघन कर रही थीं। इसे गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को कार्रवाई के लिए पत्राचार किया है। इन इकाइयों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन से भी सहयोग मांगा गया है।
साथ ही संबंधित थानों से पुलिस बल उपलब्ध कराने की मांग की गई है, जिससे कार्रवाई बिना किसी बाधा के पूरी की जा सके। इन इकाइयों से निकलने वाला प्रदूषण आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के स्वास्थ्य पर गंभीर प्रभाव डाल रहा है। वायु और जल प्रदूषण के कारण श्वसन संबंधी बीमारियों सहित अन्य स्वास्थ्य समस्याएं बढ़ने की आशंका बनी रहती है।हालांकि, स्थानीय लोग यह भी सवाल उठा रहे हैं कि आखिर इतनी लंबी अवधि तक इन इकाइयों को नियमों का उल्लंघन करने की अनुमति कैसे मिलती रही।
