नोएडा में टूर पैकेज के नाम पर करोड़ों की ठगी, 'रेंजर्स क्लब' कंपनी के तीन निदेशक गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

नोएडा। उत्तर प्रदेश में नोएडा के सेक्टर-24 थाना पुलिस ने टूर पैकेज बुकिंग के नाम पर लोगों से धोखाधड़ी करने वाले बड़े गिरोह का खुलासा करते हुए "रेंजर्स क्लब" कंपनी के तीन निदेशकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से पर्यटन मंत्रालय के फर्जी आई कार्ड, नकली विजिटिंग कार्ड, फर्जी मोहरें, कूटरचित समझौता ज्ञापन दस्तावेज और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी लोगों को आकर्षक टूर पैकेज का झांसा देकर करोड़ों रुपये की ठगी कर चुके हैं।

पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तारी की जानकारी देते हुए बताया कि, थाना पुलिस द्वारा शुक्रवार को मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर सेक्टर-32 स्थित एक मॉल से कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान इमरान खान, अभय कुमार और शैलेन्द्र सिंह के रूप में हुई है। तीनों खुद को "रेंजर्स क्लब" कंपनी का निदेशक बताते थे और ग्राहकों को महंगे एवं आकर्षक टूर पैकेज का लालच देकर उनसे मोटी रकम वसूलते थे।

पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे लोगों को शानदार होटल, सस्ती विदेश यात्रा, लक्जरी सुविधाएं और विशेष डिस्काउंट का झांसा देकर पैकेज बेचते थे। पैसे लेने के बाद या तो ग्राहकों को वादे के मुताबिक सुविधाएं नहीं दी जाती थीं या फिर उनका संपर्क बंद कर दिया जाता था। आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने कई लोगों के साथ इस तरह की धोखाधड़ी कर करोड़ों रुपये कमाए हैं।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने खुद को विश्वसनीय दिखाने के लिए केन्द्र सरकार के पर्यटन मंत्रालय के नाम से फर्जी दस्तावेज तैयार कर रखे थे। ग्राहक जब कंपनी की वैधता पर सवाल उठाते थे तो आरोपी उन्हें नकली आई कार्ड, फर्जी एमओयू और मोहरें दिखाकर भरोसे में लेते थे।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन फर्जी आई कार्ड (पर्यटन मंत्रालय के नाम पर) 180 फर्जी विजिटिंग कार्ड, 14 फर्जी मोहरें, 15 फर्जी एमओयू दस्तावेज, तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इस मामले में सेक्टर-24 थाना नोएडा में संबंधित मामले में बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब आरोपियों के बैंक खातों, ठगी से अर्जित संपत्ति और अन्य संभावित साथियों की जांच कर रही है।

संबंधित समाचार