पहलवान विनेश फोगाट को लगा बड़ा झटका : WFI ने भेजा कारण बताओ नोटिस, नेशनल कुश्ती में शामिल होने पर रोक
- प्रतियोगिता से एक दिन पहले विनेश फोगाट को बड़ा झटका -डब्लूएफआई ने कारण बताओ नोटिस कर मांगा जवाब
गोंडा, अमृत विचार: जिले के नंदिनीनगर स्पोर्ट्स स्टेडियम में रविवार से शुरू हो रही तीन दिवसीय नेशनल ओपन रैंकिंग कुश्ती प्रतियोगिता से ठीक 24 घंटे पहले महिला पहलवान विनेश फोगाट को बड़ा झटका लगा है। भारतीय कुश्ती संघ (WFI) ने उन्हें प्रतियोगिता में शामिल होने से फिलहाल रोकते हुए कारण बताओ नोटिस जारी किया है। शनिवार दोपहर जारी किऑ गए इस नोटिस में विनेश फोगाट से कई गंभीर आरोपों पर स्पष्टीकरण मांगा गया है।
डब्लूएफआई ने साफ किया है कि जवाब मिलने के बाद ही उनके प्रतियोगिता में भाग लेने पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा। विनेश को 14 दिनों के भीतर अपना जवाब देना होगा। भारतीय कुश्ती संघ की ओर से नोटिस उनके पंजीकृत पते, ईमेल आईडी और स्पीड पोस्ट के माध्यम से भेजा गया है, ताकि बाद में नोटिस न मिलने का विवाद न हो सके।
भारतीय कुश्ती संघ की तरफ से जारी नोटिस में विनेश फोगाट पर कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं। इनमें संन्यास की घोषणा करने के बाद दोबारा वापसी, अनुशासनहीनता और भारतीय कुश्ती की छवि को नुकसान पहुंचाने वाला आचरण शामिल है। संघ ने पेरिस ओलंपिक 2024 में निर्धारित वजन सीमा तक नहीं पहुंच पाने के मामले को भी नोटिस में शामिल किया है। डब्लूएफआई का कहना है कि इससे भारतीय कुश्ती को शर्मिंदगी उठानी पड़ी। इसके अलावा भारतीय कुश्ती संघ के संविधान और नियमों के बार-बार उल्लंघन का भी आरोप लगाया गया है।
नोटिस में डोपिंग विरोधी नियमों के उल्लंघन का मामला भी शामिल है। भारतीय कुश्ती संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय सिंह के हस्ताक्षर से जारी इस नोटिस में कहा गया है कि विनेश फोगाट ने 18 दिसंबर 2025 को एक अनिवार्य टेस्ट मिस किया गया था, जिसकी सूचना अंतरराष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (ITA) ने 4 मई 2026 को भेजे गए पत्र के माध्यम से दी थी। इसके साथ ही आरोप लगाया गया है कि 11 मार्च 2024 को एनआईएस पटियाला में आयोजित चयन ट्रायल में उन्होंने 50 किलो और 53 किलो दोनों वर्गों में हिस्सा लेकर प्रतियोगिता नियमों का उल्लंघन किया।
गोंडा में आयोजित प्रतियोगिता को लेकर लगाया था आरोप
गोंडा में आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता को लेकर विनेश फोगाट पहले भी भारतीय कुश्ती संघ पर सवाल उठा चुकी हैं। उन्होंने आरोप लगाया था कि उनके पंजीकरण में बाधा डाली जा रही है। हालांकि डब्लूएफआई ने दावा किया था कि आरोप लगाने से पहले ही उनका पंजीकरण हो चुका था। इसके बाद विनेश ने एक वीडियो जारी कर कहा था कि “बृजभूषण के इलाके में कुश्ती हो रही है, वहां मैं खुद को सुरक्षित महसूस नहीं करती। अगर मेरे साथ कुछ होता है तो सरकार जिम्मेदार होगी।” भारतीय कुश्ती संघ ने उस समय उनके आरोपों को खारिज कर दिया था। वहीं अब शो कॉज नोटिस जारी होने के बाद मामला और गरमा गया है।
ये भी पढ़ें :
रोमांचक हुई ऑरेंज कैप की रेस : केएल राहुल की दावेदारी बरकरार, देखें टॉप-10 लिस्ट
