ITF J30 में भारतीय जोड़ी का जलवा: कार्तिका और ऋभव बने चैंपियन

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचार: गोमतीनगर स्थित विजयंत खंड मिनी स्टेडियम में आयोजित आईटीएफ जूनियर जे30 लखनऊ टेनिस टूर्नामेंट में भारत की उभरती खिलाड़ी कार्तिका पद्मकुमार और ऋभव सरोहा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एकल खिताब अपने नाम किए। प्रतियोगिता के समापन अवसर पर मुख्य अतिथि आईजी सशस्त्र सीमा बल रत्न संजय ने विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया। इस दौरान यूपी हॉकी के उपाध्यक्ष एके त्रिपाठी, आयोजन सचिव समित केसरी और आयोजन समिति के चेयरमैन कर्नल नरेश रजोरा मौजूद रहे।

बालिका एकल फाइनल में तीसरी वरीय कार्तिका पद्मकुमार ने चौथी वरीय हर्षा कार्तिका ओरुगांती को 6-4, 7-5 से हराकर खिताब जीता। करीब दो घंटे 38 मिनट तक चले मुकाबले में दोनों खिलाड़ियों के बीच लंबी रैलियां और दमदार बेसलाइन खेल देखने को मिला। निर्णायक मौकों पर कार्तिका ने संयम और आक्रामक खेल का बेहतरीन प्रदर्शन किया।

बालक एकल फाइनल में ऋभव सरोहा ने क्वालीफायर पार्थिव नल्लागुंडला को एकतरफा मुकाबले में 6-0, 6-0 से शिकस्त दी। ऋभव ने शुरू से ही तेज और आक्रामक खेल दिखाते हुए प्रतिद्वंद्वी को वापसी का कोई मौका नहीं दिया। एक दिन पहले युगल खिताब जीत चुके ऋभव ने इस जीत के साथ लगातार दूसरा आईटीएफ एकल खिताब भी अपने नाम किया। इससे पहले वह पिछले सप्ताह भुवनेश्वर में आयोजित आईटीएफ जे30 टेनिस टूर्नामेंट के बालक एकल वर्ग के विजेता बने थे।

संबंधित समाचार