Bareilly:दूसरे दिन सकुशल मिला मीरगंज विधायक के भतीजा अंकित वर्मा 

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

बरेली, अमृत विचार। मीरगंज सीट से भाजपा विधायक डॉ. डी.सी. वर्मा के लापता भतीजे अंकित वर्मा दूसरे दिन बरेली में सैटेलाइट बस अड्डे के पास सकुशल मिल गए। पूछताछ में पता लगा कि अधूरी रिसर्च की वजह से वह टेंशन में थे और इसी परेशानी में हॉस्टल से निकलकर हरिद्वार की ओर चले गए थे। बाद में खुद ही लौट भी आए। अंकित की सुरक्षित वापसी से वर्मा फैमिली ने राहत की सांस ली है। पुलिस की भी नो टेंशन हो गई है।

विधायक डॉ. डीसी वर्मा के छोटे भाई रामप्रकाश वर्मा पीलीभीत में अमखिरिया बीसलपुर के रहने वाले हैं। रामप्रकाश के पुत्र अंकित वर्मा एसआरएमएस कॉलेज भोजीपुरा में एम फॉर्मा के छात्र हैं। पुलिस की जांच में पता लगा है कि अंकित रिसर्च पूरी नहीं होने की वजह से टेंशन में थे। इसी परेशानी के चलते वह मानसिक शांति के लिए हॉस्टल से निकलकर हरिद्वार रवाना हो गए थे। मोबाइल हॉस्टल में ही छोड़ गए थे।

अंकित के गायब होने से विधायक डॉ. डीसी वर्मा का परिवार परेशान हो गया था। भोजीपुरा थाने में अंकित की गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। जिसके बाद पुलिस की कई टीमें खोजबीन में जुटी थीं। रेलवे स्टेशन, बस स्टेंड सभी जगह तलाश की जा रही थी। दो दिन बाद शनिवार सुबह लापता अंकित वर्मा किसी जानकार को सैटेलाइट बस अड्डे पर नजर आए और परिवार को सूचना दी। उन्हें घर ले जाया गया। अंकुर के सही सलामत मिलने से परिवार की खुशी का ठिकाना नहीं रहा।

 विधायक ने प्रेस को बताया है कि अंकित को फिलहाल गांव भेज दिया गया है, जहां उनके माता-पिता रहते हैं। अंकित ने बताया है कि वह हरिद्वार गए थे। हालांकि वहां जाने की स्पष्ट बात नहीं बताई है। इंस्पेक्टर भोजीपुरा राजीव सिंह ने बताया कि अंकित वापस लौट आए हैं। अभी वह गांव गए हैं। पुलिस बाद में उनसे जानकारी करेगी।

संबंधित समाचार