लखनऊ रेलवे का बड़ा एक्शन, टिकट जांच अभियान में पकड़े गए 245 यात्री, 1.83 लाख से अधिक राजस्व वसूला
लखनऊ, अमृत विचार : उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल की ओर से बिना टिकट और अनियमित यात्रा रोकने के लिए लखनऊ–रायबरेली खंड पर विशेष टिकट जांच अभियान चलाया गया। अभियान गाड़ी संख्या 22684 लखनऊ–यशवंतपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस और 14241 नौचंदी एक्सप्रेस में संचालित किया गया।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक समार्थ गुप्ता के निर्देशन और सहायक वाणिज्य प्रबंधक कृष्ण कांत यादव के नेतृत्व में चले अभियान में टिकट चेकिंग स्टाफ व आरपीएफ के 13 कर्मियों ने भाग लिया।
जांच के दौरान बिना टिकट और अनधिकृत यात्रा कर रहे 245 यात्रियों को पकड़ा गया। उनसे 1,00,800 रुपये किराया और 82,570 रुपये जुर्माना वसूला गया। इस प्रकार रेलवे को कुल 1,83,370 रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ।
अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत डीआरएम ने किया निरीक्षण
मंडल रेल प्रबंधक सुनील कुमार वर्मा ने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विकसित किए जा रहे मोहनलालगंज, बछरावां और गौरीगंज स्टेशनों का निरीक्षण किया। उन्होंने यात्री सुविधाओं, प्लेटफॉर्म, पेयजल, शौचालय, टिकटिंग व्यवस्था और सुरक्षा प्रबंधों का जायजा लिया। मोहनलालगंज स्टेशन पर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध ढंग से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। इसके अलावा निगोहा–कनकहा के बीच स्थित अंडरपास और लेवल क्रॉसिंग का भी निरीक्षण किया गया।
विश्व पर्यावरण दिवस अभियान शुरू
उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल की ओर से 15 मई से 5 जून तक विश्व पर्यावरण दिवस अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत रेलवे स्टेशनों, कॉलोनियों और कार्यालय परिसरों में स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण, जागरूकता रैली, नुक्कड़ नाटक और पोस्टर प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। शुरुआत लखनऊ, वाराणसी, अयोध्या कैंट और प्रतापगढ़ स्टेशनों पर पर्यावरण संरक्षण की शपथ के साथ की गई।
यह भी पढ़ें:
कृषि विभाग के रडार पर यूरिया बेचने वाले 38 विक्रेता, हेराफेरी को लेकर प्रशासन सख्त, ऑनलाइन रिपोर्ट से खुली पोल
