Azamgarh News : आजमगढ़ में पेट्रोल पंप पर दबंगों का हमला, आधा दर्जन कर्मचारी घायल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

आजमगढ़। उत्तर प्रदेश में आजमगढ़ जिले के मुबारकपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम एक पेट्रोल पंप पर बाइक में ईंधन भराने को लेकर हुए मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। गोलबंद होकर पहुंचे दर्जनों दबंगों ने पेट्रोल पंप कर्मचारियों और मालिक पर लाठी-डंडों, ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया, जिसमें करीब आधा दर्जन कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। 

पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि मुबारकपुर थाना क्षेत्र के बरडीहा उर्फ गरेणुआ गांव स्थित भारत पेट्रोल पंप पर देर शाम करीब 7:10 बजे कर्मचारी रोजमर्रा की तरह वाहनों में पेट्रोल-डीजल भर रहे थे। इसी दौरान कुछ युवकों और कर्मचारियों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर युवकों ने अपने अन्य साथियों को मौके पर बुला लिया। कुछ ही देर में भारी संख्या में पहुंचे हमलावरों ने हाथों में लाठी, डंडे, ईंट और पत्थर लेकर पेट्रोल पंप पर धावा बोल दिया। 

हमलावरों ने कर्मचारियों और पेट्रोल पंप मालिक को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा तथा पत्थरों से हमला किया। अचानक हुए इस हमले से पंप परिसर में अफरा-तफरी मच गई और कई कर्मचारी लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। घटना में दिलीप कुमार, राकेश कुमार, विवेक तिवारी, सतीश सिंह, सूरज मौर्य, अशोक मौर्य, रविकांत सिंह, सूरज यादव और रामकेवल यादव घायल हो गए। 

स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुबारकपुर में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। पेट्रोल पंप पर हुई मारपीट और पत्थरबाजी की पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है।

फुटेज में हमलावर लाठी-डंडों से हमला करते और पत्थरबाजी करते दिखाई दे रहे हैं। सूचना मिलते ही मुबारकपुर थाना पुलिस भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।  

संबंधित समाचार