थलापति की दस्तक से लखनऊ में आईपीएल का जोश हाई, इकाना में आज सीएसके-एलएसजी की टक्कर
लखनऊ, अमृत विचार : इंडियन प्रीमियर लीग में गुरुवार को चेन्नई सुपर किंग्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच होने वाला मुकाबला राजधानी में क्रिकेट का उत्साह चरम पर पहुंचा रहा है। अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में होने वाले इस मैच को लेकर फैंस में जबरदस्त जोश है। प्लेऑफ की दौड़ में सीएसके जीत के साथ स्थिति मजबूत करना चाहेगी, जबकि एलएसजी घरेलू मैदान पर सीजन की दूसरी जीत दर्ज करने के इरादे से उतरेगी।
चेन्नई सुपर किंग्स की टीम बुधवार को लखनऊ पहुंची। एयरपोर्ट से खिलाड़ी सीधे द सेंट्रम होटल पहुंचे, जहां उनका पारंपरिक अंदाज में स्वागत किया गया। टीम के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ सबसे पहले होटल पहुंचे, जबकि फैंस संजू सैमसन की एक झलक पाने को उत्साहित नजर आए। जैसे ही वह होटल पहुंचे, प्रशंसकों की भीड़ और मोबाइल फ्लैश से माहौल पूरी तरह सीएसके के रंग में रंग गया।
दूसरी ओर लखनऊ सुपर जायंट्स ने भी मुकाबले से पहले तैयारी तेज कर दी है। टीम ने इकाना स्टेडियम में नेट्स पर जमकर अभ्यास किया। कप्तान ऋषभ पंत, एडेन मार्करम और निकोलस पूरन ने बल्लेबाजी का अभ्यास किया, जबकि मोहम्मद शमी और अन्य गेंदबाजों ने गेंदबाजी में अपनी रणनीतियों को धार दी।
इस बीच महेंद्र सिंह धोनी की उपलब्धता पर सस्पेंस बना हुआ है, क्योंकि वह टीम के साथ नजर नहीं आए। इकाना स्टेडियम धोनी का पसंदीदा मैदान माना जाता है। टिकटों की बढ़ती मांग को देखते हुए आयोजकों ने जनरल स्टैंड की कीमतों में कटौती की है, जिससे दर्शकों में उत्साह और बढ़ गया है।
ये भी पढ़ें :
ऑल इंडिया पुलिस बैडमिंटन एवं टेबल टेनिस चैंपियनशिप, मिजोरम पुलिस बनी बैडमिंटन चैंपियन, टेबल टेनिस में यूपी पुलिस का दबदबा
