रायबरेली : प्रेमी के साथ मिल कर पत्नी ने घोंटा पति का गला, गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

रायबरेली। उत्तर प्रदेश में रायबरेली जिले के डलमऊ थाना क्षेत्र में प्रेम प्रसंग के चलते विवाहिता ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की गला घोंटकर हत्या कर दी। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए आरोपी महिला और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। 

पुलिस सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि डलमऊ थाना क्षेत्र के ग्राम तिवारी का पुरवा मजरे रामपुर बरारा में बुधवार को एक व्यक्ति का शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। मृतक की पहचान रामदेव निवासी कपूरपुर थाना नसीराबाद के रूप में हुई थी। 

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर थाना डलमऊ में मुकदमा दर्ज किया गया। जांच के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरोपी अजीम तथा मृतक की पत्नी रेनू को गिरफ्तार कर लिया। 

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त अंगौछा और एक अपाचे मोटरसाइकिल भी बरामद की है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि अजीम और रेनू के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे। दोनों ने मिलकर रामदेव को रास्ते से हटाने की योजना बनाई थी।

घटना की रात रेनू अपने पति को शौच के बहाने खेत की ओर ले गई, जहां पहले से छिपे अजीम ने अंगौछे से उसका गला घोंट दिया। हत्या में रेनू ने भी सहयोग किया। पुलिस के अनुसार घटना के बाद दोनों फरार होने की तैयारी में थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। 

संबंधित समाचार