बाराबंकी : निजी स्कूलों की मनमानी पर बीएसए सख्त, कार्रवाई के निर्देश
बाराबंकी, अमृत विचार। जनपद में निजी विद्यालयों द्वारा मनमानी शुल्क वसूली, शिक्षा के व्यवसायीकरण और अभिभावकों के आर्थिक शोषण की शिकायतों पर अब शिक्षा विभाग सख्त हो गया है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी नवीन कुमार पाठक ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को निजी विद्यालयों की कार्यप्रणाली की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
दरअसल भारतीय किसान यूनियन टिकैत के जिलाध्यक्ष हौसिला प्रसाद वर्मा अपने पदाधिकारियों और किसानों के साथ बीएसए कार्यालय पहुंचे और निजी स्कूलों की शिकायतों से संबंधित ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की। इस पर बीएसए ने जांच का भरोसा देते हुए सभी बीईओ को आवश्यक निर्देश जारी किए।
निर्देशों में शिक्षा विभाग में कार्यरत रहते हुए निजी विद्यालय संचालित करने, कॉपी-किताब, ड्रेस, स्टेशनरी और वाहन संचालन के जरिए अभिभावकों का आर्थिक शोषण करने वाले तथाकथित शिक्षा माफियाओं पर कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही मनमाने प्रकाशकों की किताबें खरीदवाने वाले स्कूलों पर कार्रवाई और एनसीईआरटी आधारित पुस्तकों को लागू कराने के भी निर्देश दिये।
बीएसए ने विद्यालयों को मुख्य द्वार पर शुल्क, छात्र संख्या व अन्य विवरण प्रदर्शित करने तथा फीस और शिक्षकों के वेतन का भुगतान ऑनलाइन कराने के निर्देश भी दिए। इस दौरान बीईओ हरख अश्वनी प्रताप सिंह, मसौली जैनेंद्र कुमार, देवां सुनील कुमार, बंकी के चंद्रशेखर यादव व नगर बीईओ फिजा मिर्जा मौजूद रहीं। किसान यूनियन की ओर से प्रदेश उपाध्यक्ष रामकिशोर पटेल, भाकियू (युवा) जिलाध्यक्ष और प्रदेश सचिव उत्तम सिंह सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
