आईपीएल 2026 : प्रभसिमरन सिंह का अर्धशतक, पंजाब किंग्स ने मुम्बई इंडियंस को दिया 201 रन का लक्ष्य
धर्मशाला। प्रभसिमरन सिंह (57), अजमउल्लाह ओमरजई (38), प्रियांश आर्य (22), जेवियर बार्टलेट (नाबाद 18) और विष्णु विनोद (नाबाद 15) की शानदार बल्लेबाजी के दम पर पंजाब किंग्स ने गुरुवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के 58वें मुकाबले में मुम्बई इंडियंस के खिलाफ आठ विकेट पर 200 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर बनाया। आज यहां मुम्बई इंडियंस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी पंजाब किंग्स के लिए प्रियांश आर्य और प्रभसिरमन सिंह की सलामी जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 50 रन जोड़।
छठें ओवर में दीपक चाहर ने प्रियांश आर्य 17 गेंदों में (22) रन को बोल्ड कर पंजाब को पहला झटका दिया। इसके बाद बल्लेबाजी करने आये कूपर कॉनली ने प्रभसिमरन के साथ दूसरे विकेट के लिए 57 रनों की साझेदारी की। 12वें ओवर में शार्दुल ठाकुर ने प्रभसिमरन सिंह को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। प्रभसिमरन सिंह ने 32 गेंदों में छह चौके और चार छक्के उड़ाते हुए 57 रनों की पारी खेली। इसी ओवर में शार्दुल ठाकुर ने कप्तान श्रेयस अय्यर (चार ) को बोल्ड कर पंजाब को तीसरा झटका दिया।
इसके बाद पंजाब का कोई भी बल्लेबाज मुम्बई के गेंदबाजी आक्रमण के आगे अधिक देर तक नहीं टिक सका। कूपर कॉनली (21) को राज बावा ने बोल्ड आउट किया। सूर्यांश शेडगे (आठ) और शशांक सिंह (दो) रन बनाकर जल्द ही पवेलियन लौट गये। 18वें ओवर में दीपक चाहर ने तेजी के साथ रन बना रहे अजमतउल्लाह ओमरजई को आउट कर पंजाब के बड़े स्कोर करने की मंशा पर विराम लगाया। ओमरजई ने 17 गेंदों में दो चौके और चार छक्के लगाते हुए 38 रनों की पारी खेली।
पंजाब किंग्स ने निर्धारित 20 ओवरों में आठ विकेट पर 200 रनों का विशाल स्कोर बनाया। जेवियर बार्टलेट ने सात गेंदों में दो चौके और एक छक्का लगाते हुए नाबाद 18 रन बनाये। वहीं विष्णु विनोद ने आठ गेंदों में एक चौके और एक छक्का लगाते हुए नाबाद 15 रनों की पारी खेली। मुम्बई इंडियंस के लिए शार्दुल ठाकर ने चार विकेट लिये। दीपक चाहर को दो विकेट मिले। राज बावा और कार्बिन बॉश ने एक -एक बल्लेबाज को आउट किया।
