आधार वेरिफिकेशन में 7 कंपनियों को मिला UIDAI का OVSE प्रमाणपत्र, अब आसान और सुरक्षित होगी प्रक्रिया
लखनऊ, अमृत विचार। भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विवेक चंद्र वर्मा ने शुक्रवार को लखनऊ स्थित क्षेत्रीय कार्यालय का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने ऑफलाइन वेरिफिकेशन सीकिंग एंटिटी (ओवीएसई) के लिए पंजीकृत सात कंपनियों के प्रतिनिधियों को प्रमाणपत्र प्रदान किए।
विवेक चंद्र वर्मा ने कहा कि यूआईडीएआई की ऑफलाइन वेरिफिकेशन सेवा नागरिकों को सुरक्षित और गोपनीयता-सम्मत पहचान सत्यापन की सुविधा देती है। इसके जरिए संस्थाएं आधार संख्या साझा किए बिना पहचान सत्यापित कर सकती हैं।
इस दौरान उन्होंने आधार नामांकन और अपडेट से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए क्षेत्रीय कार्यालय पहुंचे लोगों से बातचीत की और अधिकारियों को त्वरित तथा पारदर्शी सेवाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। क्षेत्रीय कार्यालय के उप महानिदेशक प्रशांत कुमार सिंह ने बताया कि निवासी ऑनलाइन टोकन जनरेट कर निर्धारित समय पर कार्यालय आ सकते हैं।
एआई ट्रांसफॉर्मेशन कॉन्क्लेव में भी हुए शामिल
विवेक चंद्र वर्मा ने लखनऊ में आयोजित एआई ट्रांसफॉर्मेशन कॉन्क्लेव में आधार ऐप की विशेषताओं पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह “डेटा मिनिमाइजेशन” सिद्धांत पर आधारित है, जिससे उपयोगकर्ता केवल आवश्यक जानकारी ही साझा करते हैं।
