लखनऊ यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर पर पेपर लीक का आरोप, छात्रा से अश्लील बातचीत का ऑडियो हुआ वायरल, दोषी के खिलाफ पुलिस में तहरीर

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

-शिक्षक की मर्यादा और परीक्षा की सूचिता को तार-तार करने का आरोप -कुलपति ने कहा संस्थान की गरिमा और शैक्षणिक वातावरण के खिलाफ आचरण बर्दाश्त नहीं -‘अमृत विचार’ वायरल ऑडियो की पुष्टि नहीं करता है

लखनऊ, अमृत विचार: लखनऊ विश्वविद्यालय में पेपर आउट मामले में एक तरफ छात्र विरोध कर रहे हैं तो दूसरी ओर विश्वविद्यालय प्रशासन ने दोषी शिक्षक के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। लखनऊ विश्वविद्यालय के शिक्षक और एक छात्रा से अश्लील बातचीत का ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई के मूड में आ गया है। वायरल ऑडियो में हो रही बातचीत में परीक्षा के दो प्रश्नपत्र आउट करने का जिक्र कथित शिक्षक द्वारा किया गया है। मामला प्राणिशास्त्र विभाग के एक शिक्षक का बताया जाता है।

वायरल ऑडियो में छात्रा से बातचीत में शिक्षक की ओर से छात्रा से जबरदस्ती बातचीत करने की कोशिश की जा रही है। छात्रा को अपने पास बुलाने और उसके लिए पेपर लीक करने की बात कही जा रही है। हालांकि ‘अमृत विचार’ वायरल ऑडियो की पुष्टि नहीं करता है। लेकिन, विश्वविद्यालय प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है। इस संबंध में छात्रा की ओर से विभागाध्यक्ष से लिखित शिकायत की गई है। जिसके बाद परीक्षा नियंत्रक डॉ. विद्यानंद त्रिपाठी ने हसनगंज थाने में एफआईआर के लिए तहरीर दी है। 

परीक्षा नियंत्रक ने तहरीर में कहा है कि 14-15 मई की रात में प्राणिशास्त्र विभाग के शिक्षक डॉ. परमजीत सिंह और एक छात्रा के मध्य अशोभनीय वार्तालाप के तीन आडियो प्राप्त हुए हैं, जिसमें शिक्षक ने छात्रा से अनुचित लाभ प्राप्त करने के लिए प्रलोभन देते हुए विश्वविद्यालय की संचालित हो रही परीक्षाओं के दो प्रश्नपत्र आउट करने उल्लेख किया है। जो परीक्षा की गोपनीयता और छात्रा की गरिमा को क्षति पहुंचाने का कृत्य है। 

साथ ही आपराधिक गतिविधि की श्रेणी में आता है। थाने में भेजी गई तहरीर में ऑडियो रिकार्डिंग की पेन ड्राइव प्रार्थना पत्र के साथ संलग्न की गई है। प्रवक्ता प्रोफेसर मुकुल श्रीवास्तव ने बताया कि प्रकरण की गंभीरता के मद्देनजर सुसंगत धाराओं के अन्तर्गत त्वरित कार्यवाही करने के लिए तहरीर दी गई है। हालांकि पूरे मामले में विवेचना के दौरान छात्रा की निजता और गोपनीयता भी सुनिश्चित की गई है।

वायरल बातचीत में शिक्षक बोला

वायरल हो रहे ऑडियो में कथित शिक्षक छात्रा को डार्लिंग संबोधित करता है और कहता है कि तुम्हारे लिए दो पेपर आउट करा दिया है। सबकुछ रखा है और कब मिलोगी। शिक्षक बार-बार छात्रा से मिलने को कहता है जबकि छात्रा अपनी घरेलू समस्या बताकर इसे टालते हुए सुनाई देती है।

विश्वविद्यालय का पक्ष

लखनऊ विश्वविद्यालय प्रशासन ने वायरल हुए दो ऑडियो के संबंध में स्पष्ट किया है कि विश्वविद्यालय ऐसे मामलों में जीरो टालेरेंस की नीति अपनाते हुए त्वरित कार्रवाई करता है। विश्वविद्यालय का मानना है कि संस्थान की गरिमा और शैक्षणिक वातावरण को प्रभावित करने वाले किसी भी आचरण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कुलपति प्रो. जेपी सैनी ने इस संदर्भ में विश्वविद्यालय की इंटरनल कंप्लेंट कमेटी को आदेश दिया है कि वह 24 घंटे के भीतर इस मामले की जांच कर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करे। यह कदम विश्वविद्यालय की पारदर्शी और उत्तरदायी कार्यप्रणाली को दर्शाता है, जिससे सुनिश्चित हो सके कि आरोपों की निष्पक्ष जांच हो और दोषी पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाए।

ये भी पढ़ें  : 
यूपी में गहराया स्मार्ट प्रीपेड मीटर का विवाद, जांच को लेकर उपभोक्ता परिषद ने उठाए सवाल

संबंधित समाचार