Bareilly:शोभायात्रा का रास्ता रोका रोकने के बाद तनाव, थाने में सुलह से निपटा मामला

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

बरेली, अमृत विचार। थाना सुभाषनगर क्षेत्र के गांव महेशपुर ठकुरान गांव में महाराणा प्रताप जयंती पर निकाली जा रही शोभायात्रा से पहले रास्ते को लेकर विवाद की स्थिति बन गई। दूसरे के पक्ष की महिलाएं पहले से ही इसके विरोध में अड़ गईं। मौके पर मौजूद पुलिस ने समझा-बुझाकर माहौल गरमाने से बचाया। बाद में दोनों पक्षों के बीच थाने में सुलह होने के बाद शोभायात्रा शांतिपूर्वक निकाली गई। अफसरों ने गांव में अब किसी तरह के विवाद से इंकार किया है।

महेशपुर ठाकुरान गांव में महाराणा प्रताप जयंती का जुलूस शनिवार को शाम के समय निकाला जाना था मगर दूसरे पक्ष के लोगों ने सुबह से ही विरोध का ऐलान कर दिया। बड़ी संख्या में महिलाएं और पुरुष सड़क पर जमा हो गए और शोभायात्रा को उस रास्ते से नहीं जाने देने की बात कहने लगे। पुलिस की निगरानी गांव में पहले से थी। विरोध कर रहे लोगों का कहना था कि शोभायात्रा निकाल रहे पक्ष ने पूर्व में अंबेडकर जयंती पर निकाले गए जुलूस को अपनी ओर के रास्ते से नहीं निकलने दिया था। ऐसे में वे लोग भी अब अपने रास्ते से शोभायात्रा आगे नहीं जाने देंगे। तनातनी का पता होते ही इंस्पेक्टर सुभाषनगर सुभाष नैन फोर्स के साथ गांव पहुंच गए और लोगों से बातचीत की। कुछ लोगों ने तेवर दिखाने की कोशिश की तो थाना प्रभारी ने सख्ती दिखाकर शांत किया। इस वीडियो भी वायरल हुआ है।

शोभायात्रा की तैयारी के बीच दोनों पक्ष सुभाषनगर थाने पहुंच गए, जहां लंबी बातचीत हुई। सीओ और एसीएम की मौजूदगी में देर तक वार्ता जारी रही। इस दौरान आपस में बहस के हालात भी बने मगर दोनों ओर के गणमान्य लोगों ने समझदार का परिचय देते हुए मामला शांत कर दिया। इंस्पेक्टर ने बताया कि दोनों पक्षों बातचीत के बाद अपने-अपने जुलूस अलग रास्ते से निकालने पर सहमत हो गए। जिसके बाद मामला निपट गया है। इसके बाद शाम को धूमधाम से महाराणा प्रताप जयंती पर शोभायात्रा निकाल गई। सुरक्षा कारणों से पुलिस गांव में मुस्तैद रही।

एसपी सिटी मानुष पारीक ने बताया कि महेशपुरा ठाकुरान गांव में रास्ते को लेकर गांव के दो पक्षों में जुलूस निकालने को लेकर मतभेद था। पुलिस ने दोनों पक्षों से बातचीत कर मतभेद निपटा दिया है। शाम पांच बजे जुलूस निकाला गया और सात बजे शांतिपूर्वक सम्पन्न हो गया। कहीं किसी तरह का कोई विवाद नहीं है। 

संबंधित समाचार