एसपीजीआई में शिक्षक भर्ती प्रक्रिया पर विवाद, परिणाम पहले जारी होने पर उठे सवाल, आंदोलन की चेतावनी

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

लखनऊ, अमृत विचार : संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान (एसजीपीजीआई) में शिक्षक भर्ती प्रक्रिया को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। नियमित फैकल्टी भर्ती प्रक्रिया और उसके परिणाम में हो रही देरी पर फैकल्टी फोरम ने संस्थान प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। फोरम ने चेतावनी दी है कि यदि 15 जून 2026 तक नियमित भर्ती का परिणाम घोषित नहीं किया गया तो फैकल्टी सदस्य आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

फैकल्टी फोरम के अध्यक्ष डॉ. मोहन गुर्जर और सचिव डॉ. विवेक सिंह ने निदेशक डॉ. राधा कृष्ण धीमन को पत्र भेजकर वरिष्ठता (सीनियरिटी) विवाद की आशंका जताई है।पत्र में कहा गया है कि संस्थान ने 8 अगस्त 2025 को विभिन्न विभागों में करीब 200 नियमित फैकल्टी पदों पर भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किया था, लेकिन अब तक इंटरव्यू प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी है। दूसरी ओर 29 जनवरी 2026 को जारी बैकलॉग भर्ती प्रक्रिया का परिणाम 14 मई 2026 को घोषित कर दिया गया।

फोरम का आरोप है कि भर्ती प्रक्रिया के सामान्य सिद्धांतों के तहत पहले जारी विज्ञापन का परिणाम पहले घोषित होना चाहिए था, लेकिन संस्थान प्रशासन ने बाद में निकली भर्ती प्रक्रिया पहले पूरी कर दी। इससे भविष्य में प्रशासनिक और कानूनी विवाद की स्थिति पैदा हो सकती है।

फोरम ने आशंका जताई है कि यदि बैकलॉग भर्ती से चयनित अभ्यर्थी पहले ज्वाइन कर लेते हैं तो वे ज्वाइनिंग तिथि के आधार पर वरिष्ठता का दावा कर सकते हैं। इससे नियमित भर्ती से चयनित शिक्षकों की सीनियरिटी प्रभावित हो सकती है। इसका असर भविष्य में पदोन्नति, विभागीय जिम्मेदारियों, प्रशासनिक पदों और वेतन निर्धारण तक पड़ सकता है।

फैकल्टी फोरम ने संस्थान प्रशासन से मांग की है कि वरिष्ठता निर्धारण को लेकर स्पष्ट आदेश जारी किया जाए। फोरम का कहना है कि सीनियरिटी का आधार भर्ती विज्ञापन की तिथि और रिक्ति वर्ष होना चाहिए, न कि ज्वाइनिंग की तारीख।

फोरम अध्यक्ष डॉ. मोहन गुर्जर ने कहा कि भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और समयबद्धता बेहद जरूरी है। लंबे समय तक परिणाम लंबित रहने से चयनित अभ्यर्थियों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है और संस्थान की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं।


यह भी पढ़ें: 
आधार वेरिफिकेशन में 7 कंपनियों को मिला UIDAI का OVSE प्रमाणपत्र, अब आसान और सुरक्षित होगी प्रक्रिया

संबंधित समाचार