Bareilly: पूरे सेमेस्टर पढ़ाते रहे शिक्षक लेकिन सिलेबस में नहीं था विषय
बरेली, अमृत विचार। बरेली कॉलेज के अर्थशास्त्र विभाग में बड़ी शैक्षणिक लापरवाही सामने आई है। द्वितीय सेमेस्टर के छात्रों को पूरा सत्र जिस विषय की पढ़ाई कराई गई वह विश्वविद्यालय के निर्धारित सिलेबस में शामिल ही नहीं था। मामला सामने आने के बाद विभागीय कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं। छात्रों को परीक्षा फॉर्म भरने के समय समस्या आने पर शिक्षक को याद आया कि द्वितीय सेमेस्टर में ये विषय सिलेबस में ही नहीं है।
एमए में अर्थशास्त्र द्वितीय सेमेस्टर में 26 छात्रों को पूरे सेमेस्टर में हिस्ट्री ऑफ इकोनॉमिक्स थॉट्स विषय पढ़ाया गया। शिक्षकों ने नियमित रूप से कक्षाएं संचालित कीं और छात्र भी उसी के अनुसार तैयारी करते रहे। पाठ्यक्रम पूरा हो गया और परीक्षा की तैयारी शुरू हुई, तब शिक्षकों को पता चला कि संबंधित विषय विश्वविद्यालय के सिलेबस का हिस्सा ही नहीं है। छात्रों का कहना है कि पूरे सेमेस्टर की मेहनत अब अधर में लटक गई है और उनके परीक्षा परिणाम पर इसका सीधा असर पड़ सकता है।
विभागीय स्तर पर सिलेबस का सही सत्यापन नहीं किया गया, जिसके चलते यह स्थिति उत्पन्न हुई। मामले की जानकारी कॉलेज प्रशासन तक पहुंच गई है और अब समाधान तलाशने की कवायद शुरू कर दी गई है। अर्थशास्त्र विभाग की प्रभारी प्रो. पूनम रानी का कहना है कि विश्वविद्यालय का सिलेबस अपलोड नहीं होता है। द्वितीय सेमेस्टर के ऑप्शनल पेपर में यह समस्या आई है। परीक्षा फॉर्म भरने पर छात्रों को समस्या होने पर सिलेबस का पता चल पाया।
