कन्नौज में फूड प्वाइजनिंग से 62 लोग बीमार, कथा का प्रसाद खाने से बिगड़ी तबियत, प्रशासन ने जांच शुरू की

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

कन्नौज। कन्नौज जिले में एक कथा के बाद कथित तौर पर प्रसाद खाने से 62 लोग बीमार पड़ गए और सभी को उल्टी, दस्त व पेट दर्द की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। ठठिया थाना क्षेत्र के सिमुआपुर गांव में शुक्रवार रात में मुन्ना लाल कश्यप के घर आयोजित सत्यनारायण कथा में पंचामृत और पंजीरी का प्रसाद बांटा गया था। प्रसाद खाने के बाद रात में लोगों की हालत बिगड़ने लगी। 

पहले उन्हें निजी चिकित्सक के पास ले जाया गया और बाद में निजी वाहनों तथा एंबुलेंस से सभी को जिला अस्पताल ले जाया गया। जिला अस्पताल की डॉ. आकांक्षा ने बताया कि रात 10:30 बजे तक 62 मरीज पहुंच चुके थे। इनमें 14 मरीजों की हालत गंभीर होने पर उन्हें तिर्वा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। बाकी मरीजों को ड्रिप और दवाएं देकर उनका इलाज किया जा रहा है। अधिकतर मरीजों की हालत स्थिर बताई जा रही है। 

घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री, सीएमओ डॉ. स्वदेश गुप्ता और अपर पुलिस अधीक्षक अजय कुमार जिला अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने मरीजों का हालचाल जाना और बेहतर इलाज के निर्देश दिए। अस्पताल में अतिरिक्त चिकित्सक और कर्मचारी तैनात किए गए हैं। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। 

यह भी पढ़ें:
ग्रामीण आजीविका सुधारने के लिए सरकार का बड़ा कदम, NRLM के लिए 15.29 अरब रूपये से अधिक की धनराशि मंजूर

 

संबंधित समाचार