जौनपुर दूल्हा हत्याकांड : पुलिस ने आरोपियों पर एक-एक लाख का इनाम किया घोषित

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

जौनपुर। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में दूल्हा हत्याकांड के चर्चित मामले में वांछित तीन अभियुक्तों पर शनिवार को एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने बताया कि जिले में खेतासराय थाना क्षेत्र के बादशाही बाजार के पास एक मई की देर रात शादी के लिए जा रहे दूल्हे की गाड़ी को रोक कर बाइक सवार तीन नकाबपोश अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। 

घटना की जांच में पता चला है कि आजमगढ़ जिले के बरदह थाना क्षेत्र निवासी प्रदीप बिंद ने दूल्हा आजाद बिंद को मना किया था कि वह इस लड़की से शादी ना करें वरना उसे जान से हाथ धोना पड़ेगा। आजाद बिंद ने उसकी धमकी को नजरअंदाज करते हुए एक मई को बारात लेकर जा रहा था कि प्रदीप ने अपने साथी रवि यादव और भोले राजभर के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी। 

उन्होंने बताया कि इस घटना में शामिल तीनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस महानिदेशक वाराणसी जोन पीयूष मोर्डिया ने शनिवार को एक-एक लाख रुपए का इनाम घोषित किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने आम जनता से अपील की है कि यदि किसी को इन अभियुक्तों के बारे में कोई जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।  

संबंधित समाचार