IPL 2026: लगातार हार से बेहाल पंजाब के सामने आरसीबी की चुनौती, धर्मशाला में प्लेऑफ में पहुंचने का सुनहरा मौका

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

धर्मशाला। मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) रविवार को यहां होने वाले इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के मैच में पंजाब किंग्स की कमजोर गेंदबाजी का फायदा उठाकर प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की करने के उद्देश्य से मैदान पर उतरेगा। धर्मशाला के बेहद खूबसूरत स्टेडियम में होने वाले इस मैच का मुख्य आकर्षण निश्चित तौर पर विराट कोहली रहेंगे जिन्होंने पिछले मैच में शतक लगाया था। 

धौलाधार पर्वतमाला की मनमोहक पृष्ठभूमि में कोहली की बल्लेबाजी देखने के लिए दिल्ली और पंजाब से बड़ी संख्या में प्रशंसक हिमाचल के पहाड़ों की ओर रवाना हो चुके हैं। आरसीबी टूर्नामेंट की एकमात्र ऐसी टीम है जिसने अपने प्रदर्शन में निरंतरता बनाए रखी है। उसकी टीम पंजाब के खिलाफ जीत के प्रबल दावेदार के रूप में उतारेगी। 

टूर्नामेंट की शानदार शुरुआत करने वाले पंजाब किंग्स पर लगातार पांच मैच में हार के बाद टूर्नामेंट से जल्दी बाहर होने का खतरा मंडरा रहा है। आरसीबी की टीम जहां अंक तालिका में बेहद अच्छी स्थिति में है पंजाब किंग्स की टीम के लिए एक और हार प्लेऑफ के दरवाजे लगभग बंद कर देगी। पंजाब किंग्स यहां खेले गए पिछले दो मैच में अंतिम पांच ओवर में अपनी गेंदबाजी पर नियंत्रण बनाए रखने में असफल रहा और इस तरह से 210 और 200 रन का बचाव नहीं कर पाया। 

असल में इस प्रारूप के इतिहास में 200 से अधिक का स्कोर बनाने के बाद सबसे अधिक मैच (10) हारने का रिकॉर्ड पंजाब किंग्स के नाम पर है। जेवियर बार्टलेट और मार्को यानसन जैसे गेंदबाज पूरे टूर्नामेंट में महंगे साबित हुए हैं जिससे पंजाब को अपने गेंदबाजी संयोजन में बदलाव करने की जरूरत है। अर्शदीप सिंह ने पिछले मैच में किफायती गेंदबाजी की जबकि अजमतुल्लाह उमरज़ई ने सत्र के अपने पहले ही मैच में बल्ले और गेंद दोनों से शानदार प्रदर्शन किया। 

विजयकुमार वैशाक को पिछले मैच में मौका नहीं मिला लेकिन अंतिम ओवरों में अच्छा प्रदर्शन करने के लिए टीम उन्हें फिर से अंतिम एकादश में शामिल कर सकती है। पंजाब की बल्लेबाजी अच्छी रही है लेकिन पिछले कुछ मैच में वह इस विभाग में भी अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाया है। गेंदबाजी वह विभाग है जिसमें पंजाब को बहुत ज्यादा सुधार करने की जरूरत है। 

जहां तक आरसीबी का सवाल है तो वह बेहद संगठित टीम नजर आ रही है। 37 वर्षीय कोहली बेहतरीन प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने रायपुर में केकेआर के खिलाफ 60 गेंदों में 105 रन बनाए थे। भुवनेश्वर कुमार और जोश हेज़लवुड सहित उसके तेज गेंदबाज यहां की परिस्थितियों का पूरा फायदा उठाना चाहेंगे। दर्शकों की नजर फिर से कोहली पर होगी जो एक और बड़ी पारी खेलने के लिए प्रतिबद्ध होंगे। 

टीम इस प्रकार हैं:

पंजाब किंग्स: श्रेयस अय्यर (कप्तान), प्रियांश आर्य, प्रभसिमरन सिंह, मिचेल ओवेन, विष्णु विनोद, नेहल वढेरा, अजमतुल्लाह उमरजई, मार्को यानसन, मुशीर खान, शशांक सिंह, मार्कस स्टोइनिस, सूर्यांश शेडगे, अर्शदीप सिंह, जेवियर बार्टलेट, युजवेंद्र चहल, लॉकी फर्ग्यूसन, हरप्रीत बराड़, विजयकुमार विशाक, कूपर कोनोली, बेन ड्वारशुइस, पायला अविनाश, यश ठाकुर, हरनूर सिंह, प्रवीण दुबे, विशाल निषाद। 

आरसीबी: रजत पाटीदार (कप्तान), टिम डेविड, विराट कोहली, देवदत्त पडिक्कल, फिलिप साल्ट, जितेश शर्मा, जैकब बेथेल, क्रुणाल पंड्या, रोमारियो शेफर्ड, अभिनंदन सिंह, जोश हेजलवुड, रसिख सलाम डार, भुवनेश्वर कुमार, सुयश शर्मा, स्वप्निल सिंह, नुवान तुषारा, वेंकटेश अय्यर, जैकब डफी, मंगेश यादव, जॉर्डन कॉक्स, विक्की ओस्टवाल, विहान मल्होत्रा, कनिष्क चौहान, सात्विक देसवाल। मैच भारतीय समयानुसार 3.30 बजे शुरू होगा। 

यह भी पढ़ें:
IPL 2026: प्लेऑफ में बने रहने के लिए दिल्ली और राजस्थान में नॉकआउट मुकाबला, खिलाड़ियों की होगी असली परीक्षा

संबंधित समाचार