Firozabad News: प्रेमिका से शादी की मांग को लेकर टावर पर चढ़ा युवक, 5 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद उतरा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में थाना टूंडला क्षेत्र के मोहम्मदाबाद में शनिवार को एक युवक प्रेमिका से शादी कराने की मांग को लेकर मोबइल टावर पर चढ़ गया। करीब पांच घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस और प्रशासन ने युवक को सुरक्षित नीचे उतार कर हिरासत में ले लिया।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि मोहम्मदाबाद स्थित क्राइस्ट द किंग स्कूल के पीछे लगे बीएसएनएल टावर पर शनिवार सुबह अंकित कुमार निवासी मोहम्मदाबाद चढ़ गया। युवक के टावर पर चढ़ने की सूचना मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए और क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा युवक को समझाने का प्रयास शुरू किया गया।

युवक ने बताया कि वह मैनपुरी जिले के घिरोर क्षेत्र की एक युवती से प्रेम करता है, लेकिन युवती के परिजन शादी के लिए तैयार नहीं हैं। युवक ने मांग की कि उसकी शादी कराई जाए, अन्यथा वह टावर से कूदकर आत्महत्या कर लेगा। काफी देर तक समझाने-बुझाने के बाद भी युवक नीचे नहीं उतरा। इस दौरान पुलिस ने फोन के माध्यम से उसकी प्रेमिका से भी बातचीत कराई। बाद में स्थानीय लोगों और अधिकारियों के समझाने पर युवक टावर से नीचे उतर आया।

पुलिस क्षेत्राधिकारी अरुण कुमार चौरसिया ने बताया कि युवक प्रेमिका से शादी न होने के कारण मानसिक तनाव में था और इसी वजह से टावर पर चढ़ गया था। उसे सुरक्षित नीचे उतारकर हिरासत में ले लिया गया है तथा मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। 

संबंधित समाचार