Dhurandhar 2 OTT Release : बॉक्स ऑफिस पर भूचाल के बाद OTT पर गदर मचाएगी Dhurandhar 2, कन्फर्म हो गई डेट
दिल्ली। रणवीर सिंह अभिनीत एक्शन थ्रिलर फिल्म 'धुरंधर: द रिवेंज' चार जून को जियोहॉटस्टार पर प्रदर्शित होगी। जियोहॉटस्टार ने शुक्रवार को यह घोषणा की। आदित्य धर द्वारा निर्देशित यह फिल्म 19 मार्च को सिनेमाघरों में प्रदर्शित हुई थी और वैश्विक स्तर पर 1,790 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई कर चुकी है। जियोहॉटस्टार ने एक बयान में कहा, 'धुरंधर' उसके ओटीटी मंच पर भारत में पहली बार अपने मूल स्वरूप में बिना किसी कांट-छांट के उपलब्ध होगी।
फिल्म के प्रदर्शन से पहले, दर्शकों के लिए शाम सात बजे एक विशेष रूप से तैयार किया गया 30 मिनट का 'प्री-शो' भी दिखाया जाएगा, जिसमें कलाकारों की अनौपचारिक बातचीत, पर्दे के पीछे की कहानियां और फिल्म के निर्माण की जानकारी शामिल होगी। यह फिल्म पांच जून से जियोहॉटस्टार पर सभी दर्शकों के लिए उपलब्ध होगी।
जियोस्टार के हिंदी और अंग्रेजी मनोरंजन व्यवसाय (स्ट्रीमिंग, टीवी और स्टूडियो) के प्रमुख आलोक जैन ने कहा कि इसका उद्देश्य एक ऐसा अनुभव प्रदान करना है जो पारंपरिक फिल्म प्रीमियर से कहीं हटकर हो। 'धुरंधर: द रिवेंज' धर की फिल्म 'धुरंधर' का सीक्वल है, जो दिसंबर 2025 में सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी और इसने बॉक्स ऑफिस पर भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 1,300 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई की थी। निर्देशक आदित्य धर ने कहा कि वे "इस अनूठे प्रीमियर अनुभव" के माध्यम से फिल्म को दर्शकों तक पहुंचाने के लिए उत्साहित हैं।
