Uttrakhand: बढ़ती महंगाई से ट्रांसपोर्ट कारोबार पर संकट, मालभाड़ा बढ़ाने की तैयारी

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। लगातार बढ़ती महंगाई और डीजल की कीमतों ने परिवहन कारोबार की कमर तोड़ दी है। गंभीर आर्थिक दबाव से जूझ रहे ट्रांसपोर्टरों ने अब पर्वतीय क्षेत्रों में माल भाड़ा बढ़ाने के संकेत दिए हैं। देवभूमि ट्रांसपोर्ट महासंघ ने जल्द ही एक आपात बैठक बुलाकर भाड़ा बढ़ोत्तरी पर अंतिम निर्णय लेने की बात कही है। महासंघ पदाधिकारियों के अनुसार जल्द आयोजित होने वाली बैठक में पर्वतीय क्षेत्रों के माल भाड़े में करीब 8 से 10 प्रतिशत तक वृद्धि का प्रस्ताव रखा जाएगा।

महासंघ के प्रदेश प्रवक्ता हरजीत सिंह चड्ढा और प्रदेश प्रभारी पं. दिया किशन शर्मा ने संयुक्त बयान जारी कर कहा कि पेट्रोल-डीजल के लगातार बढ़ते दामों और लुब्रिकेंट्स की महंगाई ने परिवहन व्यवसाय को घाटे का सौदा बना दिया है। कहा कि ट्रांसपोर्ट व्यवसाय देश की आर्थिक गतिविधियों की रीढ़ है, लेकिन मौजूदा परिस्थितियों में वाहन संचालन करना कठिन होता जा रहा है। 

महासंघ अध्यक्ष राकेश जोशी और देवभूमि उद्योग व्यापार मंडल ट्रांसपोर्ट नगर अध्यक्ष जसपाल सिंह कोहली ने बताया कि वाहन निर्माण सामग्री से लेकर रखरखाव तक हर वस्तु की कीमत में भारी वृद्धि हुई है। एंगल, लोहा, पत्ती, चादर, बैटरी, स्पेयर पार्ट्स, ग्रीस, लुब्रिकेंट्स और डीजल एग्जास्ट फ्लूड, के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। इसके अलावा टोल टैक्स, वाहन बीमा प्रीमियम, आरटीओ टैक्स और चालक-परिचालकों के वेतन का खर्च भी लगातार बढ़ता जा रहा है। ऐसे में वाहन स्वामियों के सामने आर्थिक संकट गहराता जा रहा है।

संबंधित समाचार