गोरखपुर में CSR फंड से बनेगा इंटरनेशनल स्टेडियम, CM योगी ने मॉडल और ड्राइंग मैप का किया अवलोकन
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने प्रदेश को माफियामुक्त, गुंडा मुक्त, दंगामुक्त, कर्फ्यूमुक्त बनाया है। इससे प्रदेश विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि जब विकास होता है तो रोजगार का सृजन स्वतः स्फूर्त भाव से होता है। मुख्यमंत्री ने लोगों को आगाह किया कि जो लोग जाति, भाषा, क्षेत्र के नाम पर बांटते है वो आपके हितैषी नहीं हो सकते। जब भी उनके पास सत्ता आई तो वे गुंडागर्दी अराजकता, अव्यवस्था करते रहे।
उन्होंने सत्ता का दुरुपयोग अपने परिवार के लिए किया, जनता हित के लिए कभी नहीं किया पर आज की डबल इंजन सरकार आमजन के कल्याण के लिए, रोजगार सृजन के लिए कार्य कर रही है। योगी ने खिलाड़ियों के प्रोत्साहन के लिए अपनी सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि यूपी में अब तक हम लोग 534 से अधिक पदक विजेता खिलाड़ियों को सीधी भर्ती के जरिये सरकारी नौकरी दी जा चुकी है। साथ ही 500 खिलाड़ियों की नई भर्ती फिर से निकाली है।
इससे बहुत शीघ्र ही जिन्होंने भी ओलंपिक, एशियाड, कॉमनवेल्थ, वर्ल्ड चैंपियनशिप आदि में मेडल जीते हैं उन्हें सीधी भर्ती के माध्यम से नियुक्ति पत्र प्रदान किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि अब तक सीधी भर्ती में ललित उपाध्याय, दीप्ति शर्मा, पारुल चौधरी, अर्जुन देशवाल, प्रवीण कुमार, राजकुमार पाल को उत्तर प्रदेश पुलिस में सीधे डिप्टी एसपी का पद दिया गया है।
विजय कुमार यादव और दिव्या काकरान को नायब तहसीलदार, अर्जुन सिंह को यात्री और मालकर अधिकारी, प्राची और पुनीत कुमार को जिला युवा कल्याण अधिकारी, अजीत सिंह, सिमरन को जिला पंचायत राज अधिकारी, प्रीति पाल को खंड विकास अधिकारी, रिंकू सिंह को क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी के पद पर नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए हैं। योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में खेलो इंडिया, फिट इंडिया मूवमेंट और सांसद खेल स्पर्धा से नई खेल संस्कृति आगे बढ़ी है।
इसका परिणाम है कि ओलंपिक, एशियाड, कामनवेल्थ और विश्व स्तरीय प्रतियोगिताओं में भारत का प्रतिभाग और मेडल की संख्या दोनों में वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को इंफ्रास्ट्रक्चर देना सरकार की जिम्मेदारी है और सरकार इस जिम्मेदारी का बखूबी निर्वहन कर रही है। सुविधा मिलने से आज के खिलाड़ी पीएम मोदी के विजन को साकार कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार हर गांव में खेल मैदान, ब्लॉक स्तर पर मिनी स्टेडियमए जिला स्तर पर स्टेडियम और मंडल स्तर पर स्पोर्ट्स कॉलेज की सुविधा विकसित कर रही है।
मेरठ में खेल विश्वविद्यालय बन चुका है और इसी सत्र में उसका भव्य उद्घाटन समारोह आयोजित होने जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम जिस गोरखपुर.वाराणसी मार्ग पर बन रहा है उससे होकर वाराणसी जाने में पहले चार से पांच घंटे लगते थे लेकिन अब महज ढाई घंटे लगते हैं। इसी तरह गोरखपुर से लखनऊ जाने में लगने वाला समय आठ घंटे से कम होकर साढ़े तीन घंटे हो गया है। उन्होंने कहा कि यह सरकार सिर्फ दूरी ही नहीं घटा रही बल्कि विकास की रफ्तार बढ़ाकर रोजगार सृजन भी कर रही है।
संकट के बीच में आम जनता को राहत
कार्यक्रम में केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी का स्वागत करते हुए योगी ने कहा कि देश और विश्व पश्चिमी एशिया के संकट से जूझ रहा है। कई देशों में उथल पुथल है। पेट्रोलियम पदार्थों के दाम आसमान छू रहे हैं। दुनिया के कई देशों में अव्यवस्था और अस्थिरता है। उन्होंने कहा कि इन स्थितियों में भारत के अंदर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में पेट्रोलियम व प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने बेहतरीन प्रबंधन का परिचय दिया है। तेल कम्पनियों पर भले ही बोझ आया लेकिन उन्होंने संकट के बीच में आम जनता को लगातार राहत दिलाई है।
स्टेडियम के निर्माण के लिए 100 करोड़ सीएसआर फंड
मुख्यमंत्री ने गोरखपुर में इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम के निर्माण के लिए सीएसआर फंड से 100 करोड़ रुपये देने के लिए पेट्रोलियम मंत्री इंडियन आयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम के प्रति आभार व्यक्त किया। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के शिलान्यास समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी के साथ वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भूमि पूजन किया। भूमि पूजन का अनुष्ठान पूर्ण करने के बाद उन्होंने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का भी संदेश दिया। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के शिलान्यास समारोह में मुख्यमंत्री ने स्टेडियम के ड्राइंग मैप और मॉडल का अवलोकन किया। कार्यदायी संस्था के अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को प्रस्तावित निर्माण कार्यों और उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं की जानकारी दी।
