Bareilly:चालान कटने पर दरोगा को धमकाया, कथित इंजीनियर सहित तीन पर रिपोर्ट

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सीबीगंज। यातायात पुलिस के दरोगा को बाइक का चालान करना महंगा पड़ गया। खुद को मानवाधिकार आयोग लखनऊ से इंजीनियर बताने वाले व्यक्ति ने दरोगा को फोन कर वर्दी उतरवाने और नौकरी सिखाने की धमकी दे डाली। मामले में पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

यातायात पुलिस के उपनिरीक्षक गजेंद्र शर्मा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि चार मई की सुबह करीब साढ़े दस बजे वह अपने हमराही गार्ड अजीत कुमार के साथ झुमका तिराहे से टूटे बैरियर एकत्र कर पुलिस लाइन भेजने का काम कर रहे थे। इसी दौरान मीरगंज की ओर से एक बाइक पर तीन लोग सवार होकर पहुंचे। गार्ड अजीत कुमार ने उन्हें रोककर तीन सवारी बैठाने पर टोका तो बाइक चालक मानसिंह और उसके साथियों ने अभद्रता शुरू कर दी। आरोप है कि उन्होंने शाम तक वर्दी उतरवाने की धमकी भी दी।

दरोगा गजेंद्र शर्मा के मौके पर पहुंचने के बाद भी आरोपियों ने बदसलूकी की। इसके बाद पुलिस ने बाइक का एक हजार रुपये का चालान कर दिया। आरोप है कि उसी दिन शाम करीब पौने छह बजे दरोगा के मोबाइल पर एक कॉल आई। 

कॉल करने वाले ने खुद को मानवाधिकार आयोग लखनऊ से इंजीनियर योगेंद्र कुमार बताया और कहा, “तेरी हिम्मत कैसे हुई मेरे भाई का चालान करने की। पुलिस को तो पीटता हूं। कल शाम तक तेरी वर्दी उतरवा दूंगा।” आरोपी ने दरोगा से चालान की रकम भरने की बात भी कही। बताया जा रहा है कि धमकी भरी बातचीत दरोगा के मोबाइल में रिकॉर्ड हो गई। दरोगा की तहरीर पर पुलिस ने बाइक चालक मानसिंह, इंजीनियर योगेंद्र सिंह और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

 

संबंधित समाचार