प्रयागराज : इरफान हत्याकांड का मास्टरमाइंड आसिफ पुलिस की पकड़ से दूर, बढ़ाई गई इनामी राशि
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में प्रॉपर्टी डीलर इरफान की हत्या के मास्टरमाइंड आसिफ दुर्रानी पर इनामी राशि बढ़ाकर 50 हजार रुपये कर दी गयी है। उस पर पहले 25 हजार का इनाम था। दुर्रानी 39 दिन से फरार है और प्रयागराज पुलिस की पांच टीमें उसकी तलाश में खाक छान रही हैं। इनमें एसओजी की तीन टीमें भी शामिल हैं।
माफिया अतीक अहमद का कुख्यात शूटर रहा यह गैंगस्टर रील बनाने का शौकीन है और उसने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर ढेरों रील वीडियो पोस्ट कर रखे थे। हत्याकांड के एक दिन बाद नौ अप्रैल तक उसका अकाउंट एक्टिव था लेकिन इसके बाद इसे डिलीट कर दिया गया था। इनमें से एक रील भी सामने आया है। सूत्रों का कहना है कि इस अकाउंट पर उसने कई पोस्ट किए।
डिलीट किए जाने से पहले इस पर आठ रील वीडियो भी मौजूद थे। इन सभी रील में उसने बॉलीवुड मूवीज व वेब सिरीज के डॉयलॉग भी लगाए थे। इन रील में से एक में उसने अतीक अहमद के कुख्यात शूटर जुल्फिकार उर्फ तोता के साथ अपनी फोटो लगाई थी और फोटो पर लिखा था आयेंगे एक दिन , वेट एंड वॉच , अतीक के आईएस-227 गैंग का सक्रिय मेंबर आसिफ माफिया भाइयों के सबसे खास शूटरों में गिना जाता था।
पुलिस का कहना है कि जेल भेजे जाने से पहले राशिद ने पूछताछ में बताया था कि पिस्टल आसिफ के पास है। करेली के बिस्मिल्लाह चौराहे के पास रहने वाले प्रॉपर्टी डीलर इरफान की गत आठ अप्रैल की शाम 6:30 बजे गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वह चाय पीने गया था तभी दो बाइक से आए चार शूटरों ने उस पर हमला किया।
इरफान माफिया अतीक के भाई अशरफ का गनर रह चुका था। परिजनों की तहरीर पर इस हत्याकांड को अंजाम दिलवाने के आरोप में अतीक के शूटर आसिफ दुर्रानी व राशिद दुर्रानी को नामजद किया गया। जबकि अन्य अज्ञात भी आरोपी बनाए गए। बाद में इसमें विवेचना के दौरान पांच और नाम सामने आए। जिसमें से राशिद दुर्रानी और उसके चार साथी जेल में बंद है।
