मिशन 2027: आगामी चुनाव की रणनीति पर केंद्रित होगी राहुल गाँधी की यूपी की यात्रा, केरलम के बाद रायबरेली और अमेठी में कई कार्यक्रमों में लेंगे हिस्सा
रायबरेली। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी 19 मई को दो दिवसीय दौरे पर अपने संसदीय क्षेत्र रायबरेली पहुंचेंगे। कांग्रेस के एक पदाधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। कांग्रेस की रायबरेली इकाई के अध्यक्ष पंकज तिवारी ने बताया कि पहले दिन राहुल गांधी बछरावां के ठकुराइन खेड़ा में बारात घर का लोकार्पण करेंगे। इसके बाद खीरों में जनसभा को संबोधित करेंगे। लालगंज में वह महिला संवाद कार्यक्रम में भी शामिल होंगे।
उन्होंने बताया कि 20 मई को भूएमऊ अतिथि गृह में जनता दर्शन कार्यक्रम में लोगों से मुलाकात करेंगे। इसके बाद लोधवारी में वीरा पासी की प्रतिमा के लोकार्पण और जनसभा में हिस्सा लेंगे। कार्यक्रम के बाद वह अमेठी के लिए रवाना होंगे। अमेठी में राहुल गांधी 20 मई को गौरीगंज जिला मुख्यालय में ग्राम सभा से लेकर जिला स्तरीय पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और नेताओं के साथ बैठक करेंगे।
कांग्रेस की अमेठी इकाई के अध्यक्ष प्रदीप सिंघल ने बताया कि यह बैठक संगठनात्मक समीक्षा और आगामी चुनाव की रणनीति पर केंद्रित होगी। इस बैठक में बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने, युवाओं और महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर चर्चा संभव है। दौरे के दौरान राहुल गांधी दिवंगत कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष योगेंद्र मिश्रा के गांव जाकर उनके परिजनों से भी मिलेंगे। योगेंद्र मिश्रा लंबे समय से बीमार थे और उनका निधन एक मार्च 2026 को हुआ था। राहुल गांधी के दौरे को लेकर दोनों जिलों में कार्यकर्ताओं में उत्साह है। अमेठी से सांसद किशोरी लाल शर्मा भी तैयारियों का जायजा ले रहे हैं।
ये भी पढ़ें :
UP Cabinet Meeting: योगी कैबिनेट की बैठक, पिछड़ा वर्ग आयोग गठन समेत कई बड़े प्रस्तावों पर लगी मुहर
