केजरीवाल, सिसोदिया समेत AAP नेताओं के खिलाफ HC का अवमानना नोटिस, जस्टिस स्वर्ण कांत शर्मा के खिलाफ किया था पोस्ट
नई दिल्ली: दिल्ली हाईकोर्ट ने आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल, पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं को न्यायाधीश स्वर्ण कांत शर्मा के खिलाफ सोशल मीडिया पर कथित अपमानजनक टिप्पणियों और पोस्ट करने के मामले में अवमानना का नोटिस जारी किया है। कोर्ट ने सभी आरोपियों को जवाब दाखिल करने के लिए चार सप्ताह का समय दिया है। इस मामले की अगली सुनवाई 4 अगस्त को होगी।
मंगलवार को न्यायमूर्ति नवीन चावला और न्यायमूर्ति रविंदर डुडेजा की खंडपीठ ने इस स्वतः संज्ञान अवमानना मामले में AAP नेताओं दुर्गेश पाठक, संजय सिंह, सौरभ भारद्वाज सहित अन्य के खिलाफ भी नोटिस जारी किया।
मामला क्या है?
14 मई को न्यायाधीश स्वर्ण कांत शर्मा ने आबकारी नीति से जुड़े मामले में AAP नेताओं द्वारा उनके खिलाफ सोशल मीडिया पर चलाए गए कथित बदनामी अभियान पर संज्ञान लिया था। जस्टिस शर्मा ने कहा था कि केजरीवाल और अन्य नेताओं ने कानूनी रास्ता अपनाने के बजाय उनके खिलाफ सोशल मीडिया पर जानबूझकर अपमानजनक पोस्ट और एडिटेड वीडियो वायरल किए, जिसमें उन पर राजनीतिक पक्षपात का आरोप लगाया गया था।
कोर्ट ने इन पोस्ट को गंभीर अवमानना माना और स्वतः संज्ञान लेकर कार्यवाही शुरू की थी। यह फैसला उन सोशल मीडिया पोस्ट्स के आधार पर आया है, जिनमें जस्टिस शर्मा पर “राजनीतिक निष्ठा” रखने का आरोप लगाया गया था।
