Hardoi News : बच्चों को अश्लील सामग्री बेचने वाले गिरोह का भंड़ाफोड, एक आरोपी गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हरदोई, अमृत विचार। यूपी के हरदोई जिले में  साइबर पुलिस ने टेलीग्राम चैनलों के जरिए अश्लील वीडियो और फोटो बेचने वाले एक बड़े ऑनलाइन नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। इस मामले में प्रयागराज के धूमनगंज निवासी विकास सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोप है कि आरोपी स्कूली बच्चों और नाबालिगों तक अश्लील सामग्री पहुंचा रहा था और उसके चैनलों पर करीब 8,000 अश्लील वीडियो अपलोड थे।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, शहर कोतवाली क्षेत्र के एक नाबालिग छात्र का अश्लील वीडियो टेलीग्राम ग्रुप पर अपलोड होने की शिकायत मिलने के बाद मामला सामने आया। इसकी गंभीरता को देखते हुए उप निरीक्षक रोशन सिंह की तहरीर पर साइबर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। जांच में पता चला कि आरोपी टेलीग्राम चैनलों के माध्यम से नाबालिगों को पैसे लेकर अश्लील वीडियो और फोटो उपलब्ध करा रहा था। सब्सक्रिप्शन के लिए 350 रुपये लिए जाते थे। 

आरोपी के एचडीएफसी बैंक खाते में भुगतान जमा होते थे, जिसमें करीब ढाई करोड़ रुपये के लेन-देन का खुलासा हुआ है। साइबर पुलिस ने विकास सिंह को गिरफ्तार कर एसडीएम सदर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और टेलीग्राम चैनलों की भी जांच कर रही है।मामले में सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) अधिनियम और पॉक्सो एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है।

संबंधित समाचार