NEET-UG पेपर लीक पर शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का बड़ा ऐलान, 'अगले साल से कंप्यूटर बेस्ड होगी परीक्षा'

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊः NEET-UG पेपर लीक मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने आज प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बड़ी घोषणा की है। सरकार ने छात्रों के हित में NEET की दोबारा परीक्षा की नई तारीख का ऐलान कर दिया है। 21 जून को होगी NEET-UG की नई परीक्षा।

मंत्री ने कहा कि छात्रों के भविष्य की सुरक्षा सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता है। पेपर लीक की पुष्टि होने के बाद 12 मई को परीक्षा रद्द करने का फैसला लिया गया था। अब छात्रों को न्याय दिलाने के लिए नई परीक्षा आयोजित की जा रही है।

धर्मेंद्र प्रधान की बड़ी घोषणाएं:

- NEET-UG 2026 की परीक्षा 21 जून को होगी।
- एडमिट कार्ड 14 जून तक जारी कर दिए जाएंगे।
- छात्रों को अपना पसंदीदा शहर चुनने के लिए एक सप्ताह का समय मिलेगा।
- परीक्षा में छात्रों को 15 मिनट का अतिरिक्त समय दिया जाएगा।
- अगले साल से NEET की परीक्षा OMR शीट की जगह पूरी तरह कंप्यूटर आधारित (CBT) होगी।

शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा, “छात्रों के भविष्य की चिंता हमारी प्राथमिकता है। हम शिक्षा माफियाओं और असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त लड़ाई लड़ रहे हैं। CBI को जांच सौंपी गई है और इस बार CBI गहराई तक जांच करेगी। हम किसी भी तरह की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं करेंगे।”

मंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि परीक्षा रद्द करने का फैसला इसलिए लिया गया ताकि सही मेरिट वाले छात्रों के साथ अन्याय न हो। NTA की ओर से जारी नई परीक्षा में कोई फीस नहीं ली जाएगी। सरकार छात्रों को किसी भी तरह का आर्थिक बोझ नहीं डालना चाहती।

संबंधित समाचार