अश्मिता चालिहा की हार से भारत का सफर समाप्त! मलेशिया मास्टर्स में क्वार्टरफाइनल में मिली शिकस्त
कुआलालंपुर: मलेशिया मास्टर्स 2026 बैडमिंटन टूर्नामेंट में भारत की महिला सिंगल्स खिलाड़ी अश्मिता चालिहा, की हार के साथ पूरे भारत की चुनौती समाप्त हो गई। शुक्रवार को क्वार्टरफाइनल मुकाबले में डेनमार्क की लाइन कजर्सफेल्ट ने अश्मिता को कड़े संघर्ष के बाद 21-23, 21-18, 21-11 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बना ली।
मैच का रोमांचक सफर
61 मिनट चले इस रोमांचक मुकाबले में अश्मिता ने शानदार शुरुआत की। उन्होंने पहला गेम 23-21 से जीतकर बढ़त बना ली। लेकिन दूसरे गेम में लाइन कजर्सफेल्ट ने जोरदार वापसी करते हुए मैच का रुख पलट दिया। निर्णायक तीसरे गेम में डेनमार्क की खिलाड़ी ने पूरी तरह दबदबा बनाते हुए आसानी से जीत दर्ज की।
यह दोनों के बीच दूसरी भिड़ंत थी। इससे पहले थाईलैंड मास्टर्स 2023 में भी लाइन कजर्सफेल्ट ने अश्मिता को हराया था।
अश्मिता का सफर
अश्मिता चालिहा ने राउंड ऑफ 16 में मलेशिया की गोह जिन वेई (दो बार की जूनियर वर्ल्ड चैंपियन) को सीधे गेमों में हराकर क्वार्टरफाइनल में प्रवेश किया था। लेकिन क्वार्टरफाइनल में उन्हें हार का सामना करना पड़ा।
पुरुष सिंगल्स में पहले ही हार
इससे पहले बुधवार को लक्ष्य सेन और एच.एस. प्रणय की हार के साथ पुरुष सिंगल्स में भारत का अभियान समाप्त हो गया था।
अब भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी अगले सप्ताह शुरू होने वाले सिंगापुर ओपन सुपर 750, टूर्नामेंट में अपनी किस्मत आजमाएंगे।
