Barabanki News : डीएम ने पुस्तकालय का किया निरीक्षण, कहा- विद्यार्थियों की जरूरतों के अनुरूप विकसित किया जाए लाइब्रेरी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बाराबंकी, अमृत विचार। जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह की अध्यक्षता में राजकीय जिला पुस्तकालय समिति की त्रैमासिक बैठक आयोजित हुई। बैठक के बाद डीएम ने पुस्तकालय परिसर का निरीक्षण कर अध्ययन व्यवस्था, उपलब्ध सुविधाओं और पाठकों को दिए जा रहे संसाधनों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि राजकीय जिला पुस्तकालय प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण ज्ञान केंद्र बनता जा रहा है। 

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पुस्तकालय में अध्ययनरत छात्रों से संवाद कर उनकी आवश्यकताओं और सुझावों की जानकारी ली। छात्रों ने वातानुकूलित अध्ययन कक्ष, इंटरनेट सुविधा, ऑनलाइन आवेदन हेतु कंप्यूटर व्यवस्था और शांत वातावरण की सराहना की। बैठक में पुस्तकालय को और अधिक सुदृढ़ एवं जनोपयोगी बनाने पर चर्चा हुई। 

डीएम ने प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित पुस्तकों की संख्या बढ़ाने, बेहतर बैठने की व्यवस्था, आवश्यक फर्नीचर उपलब्ध कराने तथा अन्य सुविधाओं के विस्तार के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुस्तकालय को आधुनिक संसाधनों से युक्त कर विद्यार्थियों की जरूरतों के अनुरूप विकसित किया जाए।

 गौरतलब है कि राजकीय जिला पुस्तकालय में वर्तमान में 2800 से अधिक सदस्य पंजीकृत हैं और प्रतिदिन बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं अध्ययन के लिए पहुंच रहे हैं। यहां वातानुकूलित अध्ययन कक्ष, इंटरनेट सुविधा, सीसीटीवी युक्त सुरक्षित वातावरण एवं प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है। इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक ओ.पी. त्रिपाठी, पुस्तकालय अध्यक्ष निर्मला सहित समिति के सभी सदस्य मौजूद रहे।

संबंधित समाचार