CSK vs SRH : मैदान में चमके इशान किशन और क्लासन, प्लेऑफ में हैदराबाद ; गुजरात ने भी किया क्वालीफाई
चेन्नई। इशान किशन (70) और हाइनरिक क्लासन (47) की दमदार बल्लेबाजी की बदौलत सनराइजर्स हैदराबाद ने सोमवार को आईपीएल 2026 के 63वें मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स को छह गेंदें शेष रहते पांच विकेट से हराकर प्लेऑफ में जगह बना ली है। इसके साथ-साथ गुजरात टाइटंस भी प्लेऑफ में पहंच गई है। इशान किशन और हाइनरिक क्लासन ने धीमी पिच पर अपनी टीम किए मैच जिताऊ पारी खेली। परिणाम यह है कि उनकी टीम को जीत के साथ-साथ प्लेऑफ़ में भी जगह मिली। साथ ही गुजरात टाइटंस की टीम भी अब प्लेऑफ में हैं।
चेन्नई सुपर किंग्स को अब सिर्फ़ 14 अंकों तक पहुंच पाएगी और प्लेऑफ में पहुंचने के लिए उन्हें दूसरे टीमों के परिणाम पर निर्भर रहना होगा। 181 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सनराइजर्स हैदराबाद की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने तीसरे ही ओवर में ट्रैविस हेड (छह) रन का विकेट गंवा दिया। इसके बाद बल्लेबाजी करने आये इशान किशन ने अभिषेक शर्मा के 38 रन जोड़े।
आठवें ओवर में अकील हुसैन ने अभिषेक (21) को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। हाइनरिक क्लासन और इशान किशन ने तीसरे विकेट के लिए 75 रनों की साझेदारी की। 15वें ओवर में नूर अहमद ने क्लासन का शिकार किया। क्लासन ने 26 गेंदों में छह चौके और दो छक्के उड़ाते हुए 47 रन बनाये। 18वें ओवर की पहली गेंद पर मुकेश चौधरी ने नीतीश कुमार रेड्डी (11) को बाउंड्री पर कैच आउट करा दिया। 19वें ओवर में अंशुल कम्बोज ने इशान किशन को आउट किया। इशान किशन ने 47 गेंदों में सात चौके और तीन छक्के लगाते हुए (70) रनों की पारी खेली।
आर स्मरण ने 19वें ओवर की आखिरी गेंद पर चौका लगाकर सनराइजर्स हैदराबाद को प्लेऑफ में पहुंचा दिया। सलील अरोड़ ने पांच गेंदों में नाबाद 10 रन बनाये। आर स्मरण दो गेंद में पांच रन बनाकर नाबाद रहे। चेन्नई सुपर किंग्स के लिए मुकेश चौधरी ने दो विकेट लिये। अंशुल कम्बोज, नूर अहमद और अकील हुसैन ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया। इससे पहले आज यहां डेवाल्ड ब्रेविस (44) और कार्तिक शर्मा (32) की शानदार बल्लेबाजी के दम पर चेन्नई सुपर किंग्स ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ सात विकेट पर 180 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर बनाया।
चेन्नई सुपर किंग्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी चेन्नई सुपर किंग्स को पैट कमिंस ने शुरुआती झटके दिये। तीसरे ओवर में कमिंस ने संजू सैमसन का शिकार कर सनराइजर्स हैदराबाद को पहली सफलता दिलाई। संजू सैमसन ने 13 गेंदों में पांच चौके और एक छक्के की मदद से 27 रन बनाये। पांचवें ओवर में साकिब हुसैन उर्विल पटेल आठ गेंदों में (13) को आउट कर पवेलियन भेज दिया। उर्विल ने अपनी पारी में दो छक्के भी लगाये।
10वें ओवर में कमिंस ने कार्तिक शर्मा को आउट कर दिया। कार्तिक ने 19 गेंदों में तीन चौके और छक्के लगाते हुए (32) रन बनाये। कप्तान रितुराज गायकवाड (15) को भी कमिंस ने आउट किया। इसके बाद डेवाल्ड ब्रेविस और शिवम दुबे की जोड़ी ने पांचवें विकेट लिए 59 रन जोड़े। 18वें ओवर में इशान मलिंगा ने डेवाल्ड ब्रेविस को बोल्ड कर इस साझेदारी को तोड़ा। ब्रेविस ने 27 गेंदों में दो चौके और चार छक्के उड़ाते हुए 44 रनों की पारी खेली।
19वें ओवर में साकिब हुसैन ने शिवम दुबे को आउट कर हैदराबाद को छठी सफलता दिलाई। शिवम दुबे ने 23 गेंदों में तीन चौके और एक छक्का लगाते हुए 26 रन बनाये। चेन्नई सुपर किंग्स ने निर्धारित 20 ओवरों में सात विकेट पर 180 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर बनाया। पारी की आखिरी गेंद पर प्रशांत वीर (11) को प्रफुल हिंगे ने अपनी ही गेंद पर कैच आउट किया। अकील हुसैन तीन रन बनाकर नाबाद रहे। सनराइजर्स हैदराबाद के लिए पैट कमिंस ने तीन विकेट लिये। साकिब हुसैन को दो विकेट मिले। प्रफुल्ल हिंगे ने एक बल्लेबाज को आउट किया।
