मथुरा नगर निगम में अनोखा प्रदर्शन : प्रदूषण के विरोध में 'कॉकरोच' की वेशभूषा में नाचते-गाते पहुंचा युवक, लोग बनाने लगे वीडियो

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मथुरा। सोशल मीडिया पर चर्चित 'कांक्रोच जनता पार्टी' से प्रभावित होकर शुक्रवार को मथुरा में एक समाजसेवी युवक ने यमुना प्रदूषण के विरोध में अनोखे अंदाज में प्रदर्शन किया। युवक कॉकरोज की वेशभूषा पहनकर नगर निगम कार्यालय पहुंचा और यमुना शुद्धिकरण की मांग उठाई।

युवक को कॉकरोज की ड्रेस में देखकर नगर निगम परिसर में मौजूद लोग हैरान रह गए। कुछ ही देर में वहां लोगों की भीड़ जुट गई और कई लोगों ने मोबाइल फोन से वीडियो बनाना शुरू कर दिया। प्रदर्शन के दौरान युवक ने नगर निगम परिसर में नाचते-गाते हुए यमुना में गिर रहे गंदे नालों और प्रदूषण के खिलाफ नाराजगी जताई।

समाजसेवी युवक दीपक शर्मा ने कहा कि जिस प्रकार गंदगी में कॉकरोज पनपते हैं, उसी तरह शहर और यमुना नदी की स्थिति लगातार बदतर होती जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में हालात और गंभीर हो सकते हैं।

दीपक शर्मा के इस अनोखे प्रदर्शन ने नगर निगम अधिकारियों और आम लोगों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। मौके पर मौजूद लोगों ने कहा कि यमुना प्रदूषण जैसे गंभीर मुद्दे पर प्रशासन को शीघ्र ठोस और प्रभावी कदम उठाने चाहिए। नगर निगम कार्यालय में हुए इस "कॉकरोज प्रदर्शन" की चर्चा पूरे शहर में बनी रही और इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। 

संबंधित समाचार