Varanasi News : बकरीद पर्व को लेकर काशी में तैयारियां तेज, पुलिस उपायुक्त रक्षा व्यवस्थाओं का लिया जायजा

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

वाराणसी। आगामी बकरीद (ईद-उल-अजहा) पर्व को लेकर वाराणसी कमिश्नरेट पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा, कानून-व्यवस्था एवं आवश्यक व्यवस्थाओं की तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार को अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय) शिवहरी मीणा ने पुलिस उपायुक्त काशी जोन गौरव बंसवाल, सहायक पुलिस आयुक्त चेतगंज तथा संबंधित थाना प्रभारियों के साथ मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। 

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों, प्रमुख मस्जिदों, ईदगाहों, नमाज स्थलों, बाजारों तथा आवागमन मार्गों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को पर्व के दौरान शांति, सौहार्द और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। 

अपर पुलिस आयुक्त ने साफ-सफाई, विद्युत व्यवस्था, पेयजल, यातायात प्रबंधन, बैरिकेडिंग, पुलिस पिकेट, ड्रोन एवं सीसीटीवी निगरानी सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध ढंग से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सतत निगरानी रखने तथा अफवाह फैलाने या भ्रामक सूचना प्रसारित करने वालों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। 

अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि संवेदनशील, अतिसंवेदनशील एवं मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों का चिन्हांकन कर वहां पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाए। नमाज स्थलों, मस्जिदों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में प्रवेश एवं निकास मार्गों की सुव्यवस्थित व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए बैरिकेडिंग की व्यवस्था करने को भी कहा गया। 

पुलिस प्रशासन ने सभी सहायक पुलिस आयुक्तों और थाना प्रभारियों को स्थानीय धर्मगुरुओं, शांति समिति के सदस्यों एवं संभ्रांत नागरिकों के साथ बैठक कर आपसी समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए हैं, ताकि पर्व शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया जा सके। महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त संख्या में महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। 

साथ ही ड्रोन कैमरों और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों की लगातार निगरानी रखने को कहा गया है। यातायात पुलिस को प्रमुख मार्गों, बाजारों और नमाज स्थलों के आसपास सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूर्व निर्धारित डायवर्जन प्लान लागू करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने कुर्बानी स्थलों पर शासन और स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने को कहा है। 

प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी, सार्वजनिक स्थलों पर अवशेष फेंकने तथा धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अतिरिक्त ईदगाहों और मस्जिदों के आसपास पर्याप्त पुलिस पिकेट एवं क्यूआरटी टीम की तैनाती सुनिश्चित करने तथा सांप्रदायिक या भड़काऊ पोस्टर, बैनर एवं झंडों को तत्काल हटाने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए हैं। 

संबंधित समाचार